बीडीसी महिला का आरोप, BJP विधायक ने करवाया मेरा अपहरण

Monday, Jan 18, 2016 - 02:54 PM (IST)

नाहन: जिला प्रशासन द्वारा रखा गया बी.डी.सी. अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव कार्यक्रम कांग्रेस व भाजपा के बीच रण में तबदील होकर रह गया। बी.डी.सी. महिला सदस्य को अगवा करने के मामले में कांग्रेस के नेताओं, क्षेत्र के विधायक व उनके समर्थकों के बीच बी.डी.ओ. कार्यालय परिसर में धक्का मुक्की भी हुई। वहीं एस.पी. सौम्या साम्बाशिन ने बताया कि देर शाम इस मामले में महिला सदस्य की शिकायत पर पूर्व प्रधान प्रेम सिंह व उसके ड्राईवर पर मामला दर्ज कर लिया है वहीं महिला के पति ने शिकायत भी वापस ले ली है। 


भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता एस.डी.एम. की मौजूदगी में बैठक हाल से महिला सदस्य को उठाकर ले गए। बाद में जब विधायक ने एस.पी. से गुहार लगाई तब कहीं जाकर पुलिस पहुंची। आलम यह था कि घमासान होने के बाद पुलिस पहुंची लेकिन बी.डी.सी. महिला सदस्यों के लिए एक भी महिला पुलिस कर्मी बी.डी.सी. कार्यालय नहीं पहुंची। मामला यहीं नहीं थमा, कांग्रेस महिला सदस्य श्यामा देवी को लेकर पुलिस थाने पहुंची तो महिला सदस्य को कांग्रेस द्वारा जबरन उठाए जाने के आरोप लगाते हुए विधायक डा. राजीव बिंदल बी.डी.सी. के 11 सदस्यों के साथ धरने पर बैठ गए। 


कई घंटे बी.डी.ओ. कार्यालय में राजनीतिक गहमा-गहमी रही। उधर, बी.डी.सी. सदस्य श्यामा देवी के पति शेर सिंह ने एस.पी. को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया था कि बी.डी.ओ. कार्यालय में बी.डी.सी. चुनाव के लिए आई उसकी पत्नी का कांग्रेसी नेताओं ने अपहरण कर लिया है। पुलिस थाना में हिमफैड अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी की मौजूदगी में बी.डी.सी. सदस्य श्यामा देवी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसको जबरन कुरुक्षेत्र में रखा गया और परिवार के सदस्यों से बात नहीं करने दी गई और 2 लाख रुपए की ऑफर भी मिली। 


श्यामा देवी ने कहा कि उसका पति भाजपा नेताओं के दबाव में है। लेकिन वह कांग्रेस पार्टी की समर्थक है उसको जबरन कुरुक्षेत्र में रखा गया और आज यहां लाया गया। हिमफैड अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने कहा कि विधायक के इशारे पर कांग्रेस समर्थक बी.डी.सी. सदस्य का जबरन अपहरण किया गया और बी.डी.ओ. कार्यालय ले जाया गया। उन्होंने विधायक समेत अन्य भाजपाई नेता हाथापाई का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपाइयों ने बी.डी.ओ. कार्यालय घेर रखा था। उन्होंने माना कि बी.डी.सी. में भाजपा के समर्थक ज्यादा हैं।