फैशन की दुनिया में हिमाचल की ये नन्ही भाविका मचा रही धमाल

Monday, Aug 29, 2016 - 12:13 PM (IST)

नाहन (सिरमौर): उड़ान पंखों से नहीं बल्कि हौसलों से होती है। इस बात को 7 साल की भाविका ने साबित कर दिखाया है। बता दें कि इतनी छोटी उम्र में भाविका राठी लेकमे फैशन वीक के फाइनल राउंड में पहुंच गई है। नाहन की भाविका राठी ने चंडीगढ़ में हुए ऑडिशन में पहला स्थान हासिल किया था। अब वह मायानगरी मुंबई में भी धमाल मचा रही है। महज 7 साल की यह नन्ही बेटी भाविका सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन की रहने वाली है। मुंबई में लेकमे फैशन वीक-2016 के रविवार शाम को होने वाले शो में वह कैटवॉक करेगी। 


खास बात यह है कि नार्थ जॉन से वह अकेली लड़की फाइनल राउंड तक पहुंची है। रविवार को होने वाले फाइनल राउंड से पहले बॉलीवुड सितारों ने उसका हौसला बढ़ाया है। शो से पहले भाविका राठी सहित अन्य बच्चों की शनिवार शाम प्रेक्टिस हुई। इस दौरान बच्चों की हौसला अफजाई करने बॉलीवुड के कई फिल्मी सितारे पहुंचे। भाविका के दादा एस.एस. राठी और दादी निर्मला राठी ने बताया कि शनिवार को उनकी पोती की कई फिल्मी सितारों से मुलाकात हुई। फिल्म स्टार जैकलीन से व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात हुई। जैकलीन ने उन्हें रैंप पर चलने के तरीके बताए। इस दौरान फिल्मी सितारों ने रेंप पर वॉक कर बच्चों को मॉडलिंग के टिप्स भी दिए।