धूमल से मिले CM वीरभद्र के साले पृथ्वी विक्रम सेन, पांव छूकर लिया आशीर्वाद
punjabkesari.in Sunday, Mar 13, 2016 - 04:31 PM (IST)

शिमला: हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साले पृथ्वी विक्रम सेन ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से शिमला में उनके सरकारी निवास पर मुलाकात की। पृथ्वी विक्रम सेन ने धूमल के पांव छूकर उनका आशीर्वाद लिया। आपको बता दें कि पृथ्वी विक्रम सेन के साथ कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के लगभग 1 दर्जन से ज्यादा युवा मौजूद थे।
बाद में उनके साथ आए भाजपा कार्यकर्त्ता भाजयुमो की तिरंगा रैली में भी शामिल हुए। हालांकि, पृथ्वी रैली में खुद नहीं गए। जानकारी के मुताबिक विक्रम सेन ने नेता प्रतिपक्ष धूमल से भाजपा में विधिवत रूप से शामिल होने के लिए एक कार्यक्रम की बात की। वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष प्रेमकुमार धूमल ने उनके भाजपा में आने का जोरदार स्वागत किया।
पृथ्वी ने बताया कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को मिठाइयां भी खिलाईं। उनके निजी निवास स्थान पर जलपान भी किया। ये मालूम रहे कि हाल ही में पृथ्वी विक्रम सेन ने नई दिल्ली जाकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भेंट की है। पृथ्वी ने अमित शाह से मिलने से पहले ये प्रस्ताव धूमल के समक्ष रखा था। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में अपने परिवार को कांग्रेस का टिकट नहीं मिल पाने से खुद को खफा बता रहे हैं।