जो अधिकारी मुंह चिढ़ा कर बैठे हैं, उनसे कैसे काम लें: वीरभद्र

Thursday, Aug 25, 2016 - 09:37 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सरकार चाहती है कि सभी अधिकारी दिलचस्पी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी अधिकारियों को काम करने का पूरा मौका दिया है लेकिन जिसने काम न करने का मन बना लिया हो और जो मुंह चिढ़ा कर बैठा रहे, उससे कैसे काम लिया जाए। मुख्यमंत्री बुधवार को सदन में भाजपा विधायक महेंद्र सिंह द्वारा नियम-130 के तहत प्रदेश के वर्तमान हालात व कानून व्यवस्था पर लाए गए प्रस्ताव पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए बोल रहे थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वरिष्ठ अधिकारी प्रदेश से बाहर जाना चाहते हैं तो वह उन्हें रोकेंगे। उन्होंने नाम लिए बिना कहा कि अधिकारियों के लंबी छुट्टी पर जाने से काम प्रभावित हो रहा है। सी.एम. ने कहा कि सरकार को अपने अधिकारियों पर पूरा विश्वास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भ्रष्टाचारी होते हैं उन्हें भ्रष्टाचार ही नजर आता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चर्चा से नहीं डरती है। उन्होंने कहा कि सदन के अंदर चर्चा का स्तर गिर गया है जो सदन का अपमान है।


छुट्टी पर चले गए ए.सी.एस. स्तर के अधिकारी: बिंदल
विधायक डा. राजीव बिंदल ने बद्दी में राजनीतिक आधार पर पुलिस अधिकारी के तबादले का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में खनन व चरस माफिया पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक की पत्नी का ट्रक पकड़े जाने पर रातोंरात पुलिस अधिकारी का तबादला कर दिया गया। उन्होंने शराब को लेकर कार्पोरेशन गठन पर सवाल उठाया।  उन्होंने कहा कि आलम यह है कि ए.सी.एस. स्तर के अधिकारी छुट्टी पर चले गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश बीवरेज निगम से साढ़े 300 करोड़ रुपए का लाभ हुआ है।