इफ्तार पार्टी में शामिल हुए CM वीरभद्र

Wednesday, Jun 08, 2016 - 10:14 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ख्वाजा खलिलउल्लाह की तरफ से आयोजित की गई इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने मंगलवार से शुरू हुए रमजान महीने के पहले दिन मुस्लिम समुदाय के बीच जाकर रोजा खुलवाया। मुख्यमंत्री ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच बैठकर रात्रि भोज भी किया। इससे पूर्व उन्होंने यहां बड़ी संख्या में पहुंचे मुस्लिम लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के हितों के प्रति वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव मुस्लिम वर्ग की हितैषी रही है और सत्ता में आने के बाद हर धर्म के लोगों के हित में सरकार ने काम किया है। 


उन्होंने कहा कि रमजान पवित्र महीना होता है, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोग खुदा की इबादत करते हैं। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ख्वाजा खलिलउल्लाह ने कहा कि रमजान के महीने में रोजे रखने का बड़ा महत्व होता है। इससे लोगों को खुदा की राह पर चलने की नसीहत मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मुस्लिम समुदाय के लोगों की समस्याओं का सदैव निवारण किया है। इसी कारण मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मुस्लिम लोगों के दिलों में बसते हैं। वक्फ बोर्ड के सदस्य मुश्ताक कुरैशी, रोशनदीन, शौकतुल्ला, आमीर, मुस्लिम वैल्फेयर कमेटी के पदाधिकारी शरीफदीन, कांग्रेस पदाधिकारी इकबाल मोहम्मद और शान मोहम्मद सहित कई अन्य लोग इस मौके पर मौजूद थे।