अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव : कुमार साहिल ने लूटी महफिल
punjabkesari.in Friday, Jun 10, 2016 - 01:22 AM (IST)

शिमला: अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की तीसरी संध्या में गायक कुमार साहिल ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का दिल जीत लिया। ग्रीष्मोत्सव में अपनी प्रस्तुति के दौरान कुमार साहिल ने एक के बाद एक कई गाने पेश कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने इस दौरान कई नए व पुराने गीत पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कुमार साहिल ने अपनी प्रस्तुति के दौरान फिल्म वीर से सुरीली अखियों वाली और फिल्म सिटी लाइट्स से मुस्कुराने की वजह तुम हो पेश कर खूब समां बांधा। कुमार साहिल जिस समय प्रस्तुति दे रहे थे, उस दौरान रिज मैदान पर मौजूद दर्शक भी उनके साथ गुनगुनाने लगे जिससे पूरा माहौल संगीतमय हो गया। उन्होंने नए गानों के अलावा कुछ पुराने गाने पेश कर दर्शकों का मनोरंजन किया। दर्शकों को भी कुमार साहिल द्वारा पेश किए गए पुराने नगमे खूब पसंद आए।
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की तीसरी संध्या में फैशन शो की भी धूम रही। इस फैशन शो में कुल 7 राऊंड रखे गए थे और इस दौरान मॉडल्स ने अलग-अलग परिधानों में स्टेज पर कैटवॉक किया। बेहद ही आकर्षक डिजाइन्ड परिधानों में मॉडल्स ने रैंप पर कैटवॉक किया। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं ने विभिन्न आकर्षक परिधानों में फैशन शो में भाग लिया। करीब 50 मॉडल्स ने इस शो में भाग लिया। इस दौरान एक राऊंड अंतर्राष्ट्रीय स्टूडैंट्स का रखा गया जिसमें छात्रों ने अपने-अपने देशों के परिधान पहनकर कैटवॉक किया।
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की तीसरी संध्या में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर जिलाधीश शिमला रोहन चंद ठाकुर, एसपी डीडब्ल्यू नेगी व एएसपी भजन नेगी भी मौजूद थे।