विवि में छात्रों का हंगामा, अधिकारियों को दी खाद्य सामग्री

Saturday, May 21, 2016 - 01:11 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शुक्रवार को छात्रों ने खूब हंगामा किया। 44 दिनों से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एसएफआई के बैनर तले क्रमिक भूख हड़ताल जारी रहने के बाद भी अभी तक मांगें पूरी न होने के चलते छात्रों ने कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर खूब हंगामा किया। इस दौरान एसएफआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति कार्यालय में घुसने का भी प्रयास किया लेकिन वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोका। इस बीच एसएफआई कार्यकत्र्ताओं व सुरक्षा कर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

 

काफी देर तक चले इस प्रदर्शन के कारण हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में माहौल गर्मा गया। इस बीच एसएफआई कार्यकत्र्ताओं ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों का रास्ता रोका और अधिकारियों को खाद्य सामग्री भी भेजी। इससे पहले एसएफआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में रैली निकाली। हाथों में खाद्य सामग्री लिए एसएफआई कार्यकर्ताओं ने परिसर में रैली निकाली और पिंक पैटल्स चौक पर धरना भी दिया। विश्वविद्यालय के 2 अधिकारियों को एसएफआई कार्यकत्र्ताओं ने खाद्य सामग्री उनके हाथों में दी।

 

एसएफआई 44 दिनों से अपनी 46 मांगों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में क्रमिक भूख हड़ताल चलाए हुए है। पूर्व में 24 घंटे की भूख हड़ताल चलाने के बाद भी मांगें पूरी न होने के चलते अब 48 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल चलाई जा रही है। एसएफआई के विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष नोवल ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं 44 दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल पर हैं लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक मांगों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि होस्टल में रह रहे छात्रों ने भी अब एक टाइम का खाना छोड़ दिया है, इसके बाद भी मांगों को पूरा करने के लिए उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है।

 

शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में एसएफआई के प्रदर्शन, रैली व हंगामे के चलते अतिरिक्त पुलिस तैनात कर दी गई है। नोवल ठाकुर ने कहा कि होस्टल में रहने वाले छात्रों द्वारा एक समय का खाना छोडऩे का एसएफआई स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं हुईं तो क्रमिक अनशन को आमरण अनशन में तबदील किया जाएगा। शुक्रवार को भी क्रमिक भूख हड़ताल जारी रही। उधर, लोक संस्कृति मंच ने छात्र आंदोलन का समर्थन किया है।