Watch Video: हिमाचल में मौसम फिर हुआ मेहरबान, फिजाओं में बिखरी सफेद चांदी

Sunday, Feb 14, 2016 - 03:11 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश बर्फबारी से अभी उबरा ही था कि एक बार फिर से यहां बर्फबारी की चादर बिछ गई। जानकारी के मुताबिक शिमला और मनाली में सुबह से ही बर्फबारी हो रही है। वहीं वादियों के नजारे देखने के लिए सैलानी यहां पहुंचने लगे हैं। कई इलाकों में यातायात व संचार व्यवस्था ठप हो गई है। अधिकतर क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से ही बर्फबारी हो रही है। लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू और शिमला के ऊंचाई वाले स्थानों पर आज भारी बर्फबारी के आसार है। वहीं दूसरी ओर शिमला के साथ लगते कुफरी में भी यातायात फिलहाल बंद हो गया है। कई गाड़ियां भी बर्फ में फंस गई हैं। 


मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति, किन्नौर और मंडी, कुल्लू, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार देर शाम तक बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है। बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक रविवार को भी मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा सहित उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि 15 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 


16 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम बिगड़ेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान शिमला में 14.2, सुंदरनगर में 20.4, भुंतर में 20.2, कल्पा में 7.4, धर्मशाला में 16.6 और ऊना में 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान कल्पा में माइनस 5.8, केलांग में माइनस 7.8, डलहौजी में माइनस 1.6 और मनाली में माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।