हिमाचल में बर्फबारी से 250 रूट फेल, सड़कें बंद (Watch Pics)

Sunday, Feb 14, 2016 - 02:37 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में शनिवार को राजधानी शिमला में दूसरी बार बर्फबारी होने से पर्यटन स्थल नारकंडा बर्फ की सफेद चादर में लिपटा नजर आया। आपको बता दें कि सुबह करीब 8 बजे राजधानी शिमला में बर्फबारी शुरू हुई। 1 घंटे के भीतर ही शहर को बर्फ की सफेद चादर ने ढक दिया। प्रदेश के ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वहीं पर्यटक नगरी नारकंडा में पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ने वाली है। 


नारकंडा में इस सर्दी का यह 5वां हिमपात है। शनिवार को हुए हिमपात से राष्ट्रीय राजमार्ग-5 नारकंडा में बंद हो गया। शिमला की ओर जाने वाली बसों को वाया बसंतपुर होकर भेजा गया। बताया जा रहा है कि मौसम में आए बदलाव के बाद पूरा क्षेत्र शीत लहर की चपेट में आ गया है। एचआरटीसी के प्रदेश में 250 से अधिक रूट प्रभावित हुए हैं। कई जगह सड़के भी बंद हो गई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 18 फरवरी तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर चलेगा। कुफरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-5 बंद हो गया। इससे ऊपरी शिमला राजधानी से कट गया है। ठियोग, रामपुर, रोहड़ू और चौपाल रूटों पर बसें रवाना नहीं हो सकी। 


आज भी कई जगह बारिश, बर्फबारी
रविवार को प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा तथा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति, किन्नौर और मंडी, कुल्लू, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश होने का पूर्वानुमान है। 


कहां पर कितनी बर्फबारी
शिमला में 4.9 सेंमी, कल्पा में 2 सेंमी, सोलंगनाला में 15 सेंमी, गुलाबा में 30 सेंमी, रोहतांग दर्रा में 45 सेंमी ताजा बर्फबारी हुई।