सऊदी अरब में जिंदगी की अंतिम सांसें गिन रहे हिमाचल के 2 युवक (PICS)

Sunday, Feb 07, 2016 - 05:15 PM (IST)

शिमला: हिमाचल के 2 व्यक्ति सऊदी अरब में पिछले करीब 1 महीने से फंसे हैं। इनमें एक व्यक्ति चम्बा तो दूसरा सोलन जिला से संबंधित है। बताया जा रहा है कि दोनों युवा सऊदी अरब में किसी हादसे का शिकार हुए हैं और वहां के किसी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इनमें से सोलन जिला का व्यक्ति जितेंद्र अर्की के चम्बयाल गांव का रहने वाला है तो दूसरा गगन सिंह बकलोह चुवाड़ी निवासी है। सऊदी अरब में उनकी हालत कैसी है और वे कहां हैं, इसको लेकर उनके परिवार के लोगों को कोई जानकारी न मिलने के कारण उनके अभिभावक चिंतित हैं।


जानकारी के अनुसार हिमाचल के 2 व्यक्ति सऊदी अरब के रियाद में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। ये व्यक्ति रियाद सऊदी में अल रशिद कंपनी में काम करते हैं। अभी तक भारत में उनके परिजनों को यह जानकारी मिली है कि एक दिन वे कंपनी की कार में साइट पर जा रहे थे लेकिन उसी दौरान रास्ते में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें ये दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पता चला है कि इन दोनों युवकों के स्पाइन और सिर पर गहरी चोटें आई हैं।


अर्की के पंकज शर्मा ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के समक्ष उन्होंने यह मामला उठाया है। इसके बाद मंत्री नड्डा ने यह मामला सऊदी अरब एम्बैसी से उठाया है। पंकज ने बताया कि सऊदी अरब में मौजूद कुछ अन्य भारतीयों के माध्यम से वह व्हाट्स एप के जरिए उनकी जानकारी जुटा पाए हैं और उन्हें उनकी तस्वीरें भेजी गई हैं। उसने बताया कि उसके जीजा के साथ अन्य चम्बा निवासी गगन भी दुर्घटना में घायल हुआ है। पिछले कुछ दिनों से उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। इसके कारण उनकी चिंता दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। 


पंकज के अनुसार हादसे के बाद कुछ समय तक संबंधित कंपनी ने उनका इलाज करवाया लेकिन पिछले कुछ समय से कंपनी ने उनकी मदद से हाथ पीछे खींच लिए हैं। अब अस्पताल प्रशासन उन्हें अस्पताल से निकलने का दबाव बना रहा है। उनको दी जाने वाली जीवनरक्षक दवाइयां बंद कर दी हैं तथा वे चीखते हैं, चिल्लाते हैं और वापस आना चाहते हैं लेकिन उनका दुख सुनने वाला वहां कोई भी नहीं है। उन्होंने प्रदेश व केंद्र सरकार से दोनों युवकों को भारत वापस लाने की मांग की है। प्रदेश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि दोनों युवकों को भारत लाने के प्रयास किए जाएंगे।


प्रदेश सरकार दोनों युवकों की हर संभव सहायता करेगी। वहीं राष्ट्रीय जनजातीय आयोग के उपाध्यक्ष रवि ठाकुर का कहना है कि यह मामला विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया जाएगा। दोनों युवकों का इलाज भी होगा और इन्हें वापस भी लाया जाएगा। इस मामले में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि विदेशों में किसी भी भारतीय ने यदि ट्विटर पर भी मदद मांगी है तो केंद्र सरकार व विदेश मंत्रालय ने उनकी तुरंत मदद की है। अर्की व चम्बा के लोगों की सऊदी अरब में फंसे होने की जानकारी उन्हें मिली है। वह इस मामले में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बात करेंगे और युवकों को भारत लाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।