जेतली-अनुराग एक-दूसरे के सहयोगी: संजय

Tuesday, Dec 29, 2015 - 02:24 PM (IST)

शिमला: आम आदमी पार्टी जल्द ही डी.डी.सी.ए. और एच.पी.सी.ए. में हुए घोटाले का पर्दाफाश करेगी। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने सोमवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली और बी.सी.सी.आई. के सचिव एवं सांसद अनुराग ठाकुर एक-दूसरे के सहयोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि डी.डी.सी.ए. की तरह हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में भी एक बड़ा घोटाला हुआ है और इससे संबंधित दस्तावेज पार्टी के पास दिल्ली पहुंच चुके हैं। 


उन्होंने कहा कि ऐसे में जल्द ही एच.पी.सी.ए. में हुए घोटाले का पर्दाफाश पूरे तथ्यों के साथ किया जाएगा। संजय सिंह ने कहा कि डी.डी.सी.ए. मामले की जांच को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जो इंक्वायरी ऑफ कमीशन बनाया है, उस पर भी रोड़ा अटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डी.डी.सी.ए. से जुड़ी जिस रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय वित्त मंत्री को क्लीन चिट्ट मिलनी की बात कही जा रही है, वह सही नहीं है। 


उन्होंने कहा कि संबंधित रिपोर्ट में किसी का भी नाम नहीं है लेकिन उसमें यह स्पष्ट उल्लेख है कि 2008 से लेकर 2013 की अवधि में डी.डी.सी.ए. में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में डी.डी.सी.ए. के अध्यक्ष अरुण जेतली थे। संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर मामले बना रही हैं लेकिन अंजाम तक कोई मामला नहीं पहुंचता है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के चलते पूर्व सांसद राजन सुशांत को भाजपा छोडऩी पड़ी और उन्होंने आप का दामन थामा।