लोधी एस्टेट कोठी के लिए प्रियंका गांधी देती हैं 19,900 रुपए किराया, RTI के तहत खुलासा

Saturday, Feb 20, 2016 - 10:18 AM (IST)

शिमला: दिल्ली के आर.टी.आई. एक्टिविस्ट देव आशीष भट्टाचार्य ने कहा है कि जनसूचना अधिकार अधिनियम से प्राप्त सूचना के अनुसार प्रियंका गांधी द्वारा कोठी नं. 35 लोधी एस्टेट नई दिल्ली के लिए किराया 19900 रुपए प्रति माह दिया जाता है। इससे पहले आर.टी.आई. से जुटाई सूचना में खुलासा हुआ था कि लोधी एस्टेट कोठी का कुल क्षेत्र 2765.18 वर्ग मीटर है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े बंगले के लिए मामूली किराया तर्कसंगत नहीं है। 


उन्होंने कहा कि कोई भी मामूली व्यक्ति उक्त कोठी के लिए 25000 रुपए मासिक किराया भी अदा कर सकता है। भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्रीय सूचना अधिकारी जी.पी. सरकार ने उन्हें 1 जनवरी 2016 को जो जानकारी उपलब्ध करवाई है वह हैरानीजनक है। इसमें 10 जनपथ, 35 लोधी रोड तथा 12 तुगलक रोड कोठियों का जिक्र है। उन्होंने कहा कि लोधी एस्टेट की कोठी प्रियंका को एस.पी.जी., केंद्रीय गृह मंत्रालय (आई.बी.) तथा दिल्ली पुलिस की सिफारिश पर दी गई। आर.टी.आई. से यह भी बताया गया है कि 4 दिसम्बर 2015 को एस.पी.जी. ने सूचित किया था कि प्रियंका जिन्हें एस.पी.जी. सुरक्षा प्राप्त है को आबंटित बंगले की मियाद बढ़ा दी गई है। 


भट्टाचार्य ने कहा कि प्रश्र यह पैदा होता है कि प्रियंका जब बाहर जाती है तथा प्राइवेट कोठियों में रुकती है तो फिर एस.पी.जी. उनकी सुरक्षा कैसे करती हैं। प्रियंका शिमला में अपनी कोठी के निर्माण कार्य को देखने के लिए अक्सर जाती है। प्रियंका को अन्य भागों में भी जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि 12 तुगलक लेन का बंगला राहुल गांधी के पास है जो उन्हें 2011 से मिला हुआ है। उस समय यह बंगला उन्हें राज्यसभा पूल से दिया गया था। राहुल लोकसभा के सांसद हैं तो फिर उन्हें यह बंगला कैसे दिया गया। आर.टी.आई. ने यह भी बताया कि सोनिया गांधी को 10 जनपथ का बंगला 16 सितम्बर 1991 को जीवन भर के लिए आबंटित कर दिया गया था। इस तरह राजीव गांधी के परिवार के 3 सदस्यों को 3 अलग-अलग बंगले दिए गए हैं।