हिमाचल में काम कर रही आज तक की सबसे निकम्मी सरकार : बिंदल

Saturday, Jul 09, 2016 - 06:17 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने वर्तमान कांग्रेस सरकार को प्रदेश की अब तक की सबसे निकम्मी सरकार बताया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने प्रैस से मिलिए कार्यक्रम में जिन उपलब्धियों को गिनवाया है, वे बेमानी हैं। उन्होंने दावा किया कि पूर्व भाजपा सरकार के समय में प्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऊंचाइयों तक पहुंचा लेकिन वर्तमान सरकार के समय स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।

 

डा. बिंदल ने कहा कि यह कहना गलत है कि वर्तमान सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में अनेक नई योजनाओं को चलाए जाने से स्वास्थ्य सेवा को नया आयाम मिला। वर्ष, 2008 से पहले हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के पास 262 एम्बुलैंस थीं जोकि आपातकाल के समय पर उपलब्ध नहीं होती थीं। इसके बाद 25 दिसम्बर, 2010 को अटल स्वास्थ्य सेवा शुरू की, जिसके लिए 108 एम्बुलैंस लगाकर 108 नम्बर दिया गया। इस सेवा से आज तक 7.50 लाख मरीजों को लाभ मिल चुका है।

 

बेटी है अनमोल योजना को गांव-गांव और घर-घर में चलाया गया, जिसमें सभी पड़ोसी राज्यों को भी शामिल किया गया। महिलाओं में खून की कमी को दूर करने के लिए एनीमिया मुक्त हिमाचल योजना चलाई गई। पेट के कीड़े की समस्या को दूर करने के लिए 15 लाख बच्चों एवं महिलाओं को हर वर्ष दवाई दी गई ताकि कुपोषण से बचाया जा सके। पूर्व सरकार ने स्वास्थ्य बीमा योजना को हिमाचल प्रदेश में शुरू किया, जिससे 3.50 लाख लोगों को स्मार्ट कार्ड जारी करके 30 हजार रुपए एवं गंभीर अवस्था में 1.75 लाख रुपए का इलाज नि:शुल्क शुरू किया गया। इस योजना में देश भर में हिमाचल प्रदेश को प्रथम ईनाम मिला।

 

मुख्यमंत्री पद की दावेदारी के कारण कर रहे गुणगान
डा. राजीव बिंदल ने कहा कि कौल सिंह ठाकुर कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे हैं। इसी कारण वह सरकार की उपलब्धियों का गुणगान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके दावे सही हैं और वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।