भाजपा नहीं मंत्री कर रहे सरकार को अस्थिर : बिंदल

Sunday, Oct 09, 2016 - 10:11 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने कहा कि राज्य सरकार को भाजपा नहीं बल्कि सरकार के मंत्री अस्थिर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता का सिंहासन डोलने के लिए सरकार की जनविरोधी नीतियां जिम्मेदार हैं। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स और स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर की तरफ से दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए डा. बिंदल ने कहा कि दोनों मंत्रियों के विभाग स्वास्थ्य से जुड़े हैं लेकिन राज्य में पीलिया फैलने के लिए एक-दूसरे विभाग पर जिम्मेदारी डाली जा रही है।


डा. बिंदल ने कहा कि भाजपा के प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के प्रयास निराधार हैं। भाजपा यदि सरकार के खिलाफ कोई अविश्वास प्रस्ताव लाती तो उसे सरकार गिराने का प्रयास माना जाता है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश की 70 फीसदी पेयजल योजनाएं बिना सफ ल ट्रीटमैंट प्लांट के चल रही हैं व स्टोरेज एवं सप्लाई टैंकों की हालत खराब है। राज्य में 12 महीने पेयजल समस्या एक विकराल समस्या का रूप धारण कर रही है। पेयजल समस्या के अलावा राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार देने से सरकार को कब रोका है। उन्होंने कहा कि अब जब सरकार का सिंहासन डोल रहा है तो मुख्यमंत्री व मंत्रियों के भ्रष्ट कारनामे सामने आने लगे हैं।


मंत्रियों में सीएम बनने की लालसा
डा. बिंदल ने कहा कि कई मंत्रियों में मुख्यमंत्री बनने की लालसा उत्पन्न हो रही है, ऐसे में सत्ता और संगठन में शीतयुद्ध चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे भाजपा का क्या हाथ हो सकता है।