तस्वीरों में देखिए, देवभूमि में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही

Monday, Jul 04, 2016 - 05:10 PM (IST)

शिमला: देवभूमि में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा रखी है। बता दें कि इस मूसलाधार बारिश से सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है।


बारिश के चलते लोक निर्माण विभाग ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। करीब 70 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। इनमें अधिकतर सड़कें गांव को जोड़ने वाली हैं। कई क्षेत्रों में एच.आर.टी.सी. बसें आधे रास्ते से लौट रही हैं। शिमला जिले में डेढ़ दर्जन, धर्मशाला में सात, सोलन में तीन और अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में संपर्क सड़कों पर यातायात बाधित हुआ है। यातायात बहाली के लिए हर डिविजन में दो से तीन जेसीबी और डोजर भेजे गए हैं।


प्रदेश में नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई घरों में दरारें आई हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग का दावा है कि सड़कों की बहाली का काम तेजी से चल रहा है। सोमवार तक लिंक रोड यातायात के लिए बहाल हो जाएंगे। उधर, मौसम केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में सोमवार को भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। हमीरपुर में बारिश के चलते कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। सड़कों की हालत खराब हो गई है। साथ ही चंबा जिले में रविवार तड़के शुरू हुई बारिश दोपहर बाद तक जारी रही। भरमौर और चुराह की तरफ जाने वाले यात्री चंबा में ही फंसे रहे।


इन दोनों मार्गों पर भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यात्रियों ने सफर नहीं किया। दोनों ही मार्गों पर रुक-रुक कर पत्थर गिरते रहे। लोनिवि की लेबर को चौबीस घंटे अलर्ट पर रखा गया है। यहां ब्यास और पार्वती नदी का जलस्तर उफान पर हैं। कुल्लू के आनी और किन्नौर जिले में शनिवार रात को बारिश होने से क्षेत्र के लोगों ने गर्मी से राहत पाई है। कई स्थानों पर मकानों में दरारें आने की सूचना है। कुछ स्थानों पर सड़कें बंद हो गईं। कई सड़कें दलदल में तबदील होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।  ज्वाली क्षेत्र में भारी बारिश से दुकानों और घरों में पानी घुस आया।