इस दिन हिमाचल से वापस चल पड़ेगा मॉनसून

Thursday, Sep 01, 2016 - 03:49 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश से मॉनसूनी बादल 2 सितंबर से वापस होना शुरू हो जाएंगे। दरअसल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ेगा और बारिश का सिलसिला कम होगा। सितंबर अंत तक प्रदेश से मानसून पूरी तरह चला जाएगा। वीरवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं। 


साल 2016 में 22 जून को बीते साल के मुकाबले 4 दिन पहले ही मानसून की हिमाचल में एंट्री हो गई थी। 1 जून से 30 अगस्त तक प्रदेश में 18% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिला में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।


लाहौल-स्पीति में सामान्य से 77 प्रतिशत कम, किन्नौर में 54 प्रतिशत कम, चंबा में 48 प्रतिशत कम, सिरमौर में 30 प्रतिशत कम, ऊना में 3% कम, कांगड़ा में 8% कम बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक 750 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। कृषि, बागवानी, आई.पी.एच., ऊर्जा, शिक्षा और लोक निर्माण विभाग को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। 35 लोगों सहित 100 से अधिक जानवरों की मौत हो गई।