शिमला में बंगला देखने पहुंची प्रियंका गांधी

Tuesday, Mar 01, 2016 - 10:42 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार दोपहर बाद अपने निर्माणाधीन बंगले का जायजा लेने शिमला पहुंची हैं। उन्होंने छराबड़ा स्थित अपने निर्माणाधीन बंगले की छत पर लग रही काली स्लेटों का निरीक्षण कर वास्तुकारों से चर्चा की।


जानकारी के मुताबिक प्रियंका के साथ दिल्ली से वास्तुकारों की टीम भी शिमला आई हैं। प्रियंका शिमला से सटे वाइल्ड फ्लावर हॉल में ठहरी हैं। प्रियंका के शिमला आने की स्थानीय कांग्रेस नेताओं को भी भनक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम को प्रियंका वापस दिल्ली लौटेंगी। इसके साथ ही जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष केहर सिंह खाची और युवा कांग्रेस नेता मंजीत खाची भी छराबड़ा में मौजूद रहे।


प्रियंका ने छराबड़ा में निर्माणाधीन बंगले के पास लगाए जा रहे सेब बगीचे का निरीक्षण भी किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने बंगले के साथ ही रॉयल किस्म के सेब के पौधे लगाए हैं। कांग्रेस नेता केहर सिंह खाची के नाम जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी है। बंगले का निर्माण कार्य साल 2008 में शुरू हुआ था।