शिमला की इस पंचायत में आज तक नहीं हुआ मतदान!

Tuesday, Dec 01, 2015 - 02:34 PM (IST)

कुफरी (शिमला): हिमाचल की राजधानी शिमला के पास एक ऐसी पंचायत भी है ‌जहां आज तक पंचायत चुनावों के लिए मतदान नहीं हुआ। हैरानी की बात तो यह है कि यहां हर बार बिना मतदान के ही पंचायत बनती है। ठियोग विकासखंड की ददास पंचायत के मतदाताओं ने अब तक पंचायत चुनावों के लिए मतदान ही नहीं किया है। 


जानकारी के मुताबिक दो बार निर्विरोध चुनी जा चुकी ददास पंचायत में अगर इस बार के चुनावों में भी सहमति बनी तो यह पंचायत लगातार तीसरी बार निर्विरोध चुने जाने का अनूठा रिकार्ड बनाएगी। इस पंचायत को दोनों बार 10-10 लाख रुपए की राशि सरकार द्वारा पुरस्कार के रूप में दी गई थी।


पंचायत की आम सभा द्वारा हर 5 साल बाद प्रधान व उप प्रधान का चुनाव हर वार्ड से बारी-बारी किए जाने का नियम बनाया गया है। इसे अभी तक सब लोग मानते आए हैं। वहीं दूसरी ओर लोगों का कहना है कि निर्विरोध चुनाव से मिलने वाली राशि को पंचायत विकास पर खर्च किया जाता है। दूसरी बार महिलाओं के लिए सीट आरक्षित होने पर रेखा शर्मा को पंचायत प्रधान सर्वसम्मति से चुना गया। अब तीसरी बार भी ददास पंचायत प्रधान को निर्विरोध चुने जाने की कोशिश की जा रही है।