खिलाड़ियों के लिए सरकार ने खोला खजाना, Champions पर होगी पैसों की बरसात

Monday, Sep 26, 2016 - 10:25 AM (IST)

शिमला: प्रदेश के खिलाडिय़ों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने ईनाम राशि में वृद्धि की है। इसके तहत ओलिम्पिक खेलों में व्यक्तिगत या टीम स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल करने पर 2 करोड़ ईनाम राशि दी जाएगी।


इसके अलावा द्वितीय स्थान हासिल करने पर 1 करोड़ रुपए और तृतीय स्थान हासिल करने पर 50 लाख रुपए ईनाम राशि दी जाएगी। इसके अलावा कॉमन वैल्थ व एशियन खेलों में व्यक्तिगत या टीम स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल करने पर अब 20 लाख रुपए ईनाम राशि दी जाएगी जबकि द्वितीय स्थान हासिल करने पर 10 लाख रुपए और तृतीय स्थान हासिल करने पर 6 लाख रुपए ईनाम राशि के तौर पर दिए जाएंगे।



प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहित करने के लिए इस वर्ष किसी भी अखिल भारतीय इंटर विश्वविद्यालय की व्यक्तिगत व टीम स्पर्धा, किसी भी राष्ट्रीय स्कूल खेल की व्यक्तिगत व टीम स्पर्धा, किसी भी कनिष्ठ व उप-कनिष्ठ की राष्ट्रीय व्यक्तिगत व टीम स्पर्धा तथा विभागीय राष्ट्रीय व्यक्तिगत व टीम स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाडिय़ों व टीमों को मिलने वाले नकद पुरस्कारों में समुचित वृद्धि की गई है।



किसी भी व्यक्तिगत स्पर्धा में नया अंतर्राष्ट्रीय रिकार्ड स्थापित करने वाले खिलाडिय़ों को मिलने वाले 8 लाख के नकद पुरस्कार को प्रदेश सरकार ने बढ़ाकर इस वर्ष 10 लाख रुपए जबकि कॉमन वैल्थ व एशियन खेलों में किसी भी व्यक्तिगत स्पर्धा में नया रिकार्ड स्थापित करने वाले खिलाडिय़ों को मिलने वाले 6 लाख के नकद पुरस्कार को भी बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया है।



व्यक्तिगत स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने वालों को मिलेंगे 5 लाख
किसी भी व्यक्तिगत स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकार्ड स्थापित करने वाले खिलाडिय़ों को मिलने वाले 2 लाख के नकद पुरस्कार को बढ़ाकर 5 लाख रुपए जबकि अंतर्राष्ट्रीय किसी भी खेल स्पर्धा में भारतीय टीम के सदस्य के रूप में सम्मिलित होने के लिए मिलने वाली 80,000 रुपए की राशि को बढ़ाकर इस वर्ष एक लाख रुपए किया गया है। गत 3 वर्षों में विभिन्न खेलों में उम्दा प्रदर्शन करने के लिए प्रदेश के 223 खिलाडिय़ों को 1.9 करोड़ रुपए की राशि नकद पुरस्कारों के रूप में प्रदान की गई है।



परशुराम पुरस्कार की राशि हुई 2 लाख रुपए
प्रदेश सरकार द्वारा खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने के लिए इस वर्ष राज्य परशुराम पुरस्कार की राशि को 1 लाख से बढ़ाकर 2 लाख रुपए किया गया है। अब तक प्रदेश के कुल 22 खिलाडिय़ों को राज्य परशुराम पुरस्कार मिल चुका है।