Moscow में नड्डा का ऐलान, कहा-वर्ष 2025 तक टी.बी. मुक्त होगा भारत

Friday, Nov 17, 2017 - 09:10 PM (IST)

शिमला: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि वर्ष 2025 तक भारत टी.बी. का उन्मूलन कर लेगा। नड्डा रूस के मॉस्को में सतत् विकास युग में टी.बी. उन्मूलन पर प्रथम विश्व स्वास्थ्य संगठन वैश्विक मंत्री सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंत्री स्तरीय तथा उच्च स्तरीय बैठकें सहभागी देशों को टी.बी. उन्मूलन की दिशा में आगे बढऩे का सामथ्र्य प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि भारत में टी.बी. उन्मूलन ‘हमारे लोगों से हमारा वायदा विषय’ पर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है, जिसमें टी.बी. के विरुद्ध वैश्विक गठबंधन सहायता कर रहा है। इसमें 7 संसद सदस्य व विश्व के अन्य नेता भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने पोलियो को समाप्त कर दिया है और टी.बी. के उन्मूलन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। टी.बी. उन्मूलन के लिए भारत की राष्ट्रीय कार्यनीति योजना के 4 स्तंभ हैं, जिसमें पहचान, उपचार, निर्माण व निवारण शामिल हैं।

योजना के बजट में वृद्धि की आवश्यकता 
उन्होंने कहा कि पूर्व एन.एस.पी. की तुलना में इस योजना के बजट में वृद्धि की आवश्यकता है। यह योजना पूर्ण रूप से वित्त पोषित है तथा इसमें से अधिकतर धन घरेलू संसाधनों के माध्यम से जुटाया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चूंकि भारत में टी.बी. नियंत्रण के लिए अनेक बड़ी चुनौतियां हैं, इसलिए सरकार की पहली प्राथमिकता वंचित लोगों तक पहुंच बनाना है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सरकार कुछ संवेदनशील आबादियों जैसे आदिवासी व शहरी मलीन बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए परिचर्या की सुलभता सुनिश्चित करेगी। सभी रोगियों का शीघ्र निदान, उन्हें सही उपचार देना तथा उनका पूर्ण उपचार सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।