PICS: महात्मा गांधी बन गया अमरीका से आया ये शख्स, जानिए क्यों?

Saturday, Oct 01, 2016 - 03:34 PM (IST)

शिमला (विकास शर्मा): अमेरिका के बर्नी मायर जब गांधी की वेशभूषा में शिमला के रिज मैदान पर पहुंचे तो हर कोई उन्हें देखकर हैरान रह गया। दरअसल दुनिया में आतंकवाद के बढ़ते कदमों के खिलाफ इन दिनों युवाओं का एक दल भारत दौरे पर है। विश्व शांति का संदेश लेकर पाकिस्तान समेत 33 देशों से 200 युवा प्रतिनिधि रिज मैदान पर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वैश्विक युवा शांति उत्सव- 2016 के 11वें संस्करण को हरी झंडी देकर रवाना किया। सभी प्रतिनिधियों ने झंडों के साथ लोगों को शांति और भाईचारे का संदेश दिया। 


इस दौरान लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र अमेरिकन गांधी बर्नी मायर रहे। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने पूरी दुनिया में शांति और भाईचारे की मिसाल पेश की है। इतना ही नहीं पिछले 14 सालों से वो अमेरिका समेत कई देशों में महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत का उन्हीं के जैसे लिबास पहनकर प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने अपने इस मिशन के तहत महात्मा गांधी पर किताब भी लिखी है। मायर का कहना है कि वो महात्मा गांधी के जीवन से काफी प्रभावित हैं और उनके तमाम संदेशों को विश्व भर में फैलाने का लगातार प्रयास भी कर रही हैं।


उन्होंने कहा कि वो अपनी आखरी सांस तक दुनिया के अलग-अलग देशों में शांति और प्यार और भाईचारे से रहने की अपील करते रहेंगे। वहीं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों पर भारतीय सेना की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक्स का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की ओर से आतंकवादियों पर सर्जिकल स्ट्राइक सही समय पर उठाया गया सही कदम है। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि पाकिस्तान में बहुत से लोग दोनों देशों के बीच शांति चाहते हैं और युद्ध के पक्ष में नहीं हैं।