HPU का दीक्षांत समारोह: CJI ने Gold Medal से नवाजे टॉपर

Saturday, Aug 20, 2016 - 05:39 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का आज 23वां दीक्षांत समारोह मनाया गया। इस समारोह में सुर्पीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति टी.एस. ठाकुर ने पहाड़ी राज्य हिमाचल की खूबसूरती के साथ ही इसके सद्भाव की भी प्रशंसा की है। उन्होंने एच.पी.यू. के दीक्षांत समारोह में कहा कि हिमाचल देश में सबसे शांत राज्य है। उन्होंने समारोह में 189 छात्रों को पी.एच.डी. डिग्री और 147 छात्रों को विभिन्‍न विषयों में टॉप करने पर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। ये समारोह सुबह 11 बजे से ही शुरू हो गया था। समारोह में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। 


जानकारी के मुताबिक इससे पहले समारोह का आगाज विवि कुलगीत के साथ हुआ।  सी.जे.आई. के अलावा हिमाचल हाईकोर्ट के न्यायाधीश ने भी समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा कि जब हम हिंदुस्तान की बात करते हैं तो देश के 130 करोड़ लोगों की बात होती है। देश की 65 फीसदी आबादी आज युवा है। हर हाथ में फोन है और रोजगार भी योग्यता के हिसाब से मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका के समक्ष भी वर्तमान में अपनी तरह की चुनौतियां हैं।


तेजी से और सस्ता न्याय सपना बनकर रह गया है। इस पर न्यायपालिका को गंभीरता से विचार करना होगा। सिविल विवादों को मध्यस्तता से सुलझाने की जरूरत है। उन्होंने सभी डिग्री धारकों को देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करने के साथ ही शुभकामनाएं भी दीं। सी.जे.आई. ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत के विजन को भी सराहा। उन्होंने कहा कि अगर देवव्रत जज के नाते कोई जजमेंट लिखें तो वे पूरी की पूरी को स्वीकृति दे देंगे। राष्ट्रहित में उनकी सोच बहुत ही बेहतरीन है।