हिमाचल में तूफान के साथ बारिश, कई जगह नुक्सान

Sunday, May 29, 2016 - 12:00 AM (IST)

शिमला: प्रदेश में शनिवार देर शाम एकाएक मौसम ने करवट बदली और बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। प्रदेश के मंडी, ऊना, इंदौरा, पालमपुर व भरमौर में तूफान भी चला जिससे अनेक स्थानों पर लोगों के घरों की छतें उड़ गईं। पालमपुर व बैजनाथ के कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरे। तूफान के चलते कई जगह पेड़ भी गिरे हैं। कई स्थानों पर बिजली गुल होने की सूचना है।

 

मौसम विभाग के अनुसार अगामी 2 दिनों तक मौसम के मिजाज बिगड़े रहने की संभावना है। प्रदेश के मैदानी, मध्यवर्ती व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बारिश व ओलावृष्टि होने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग की मानें तो 30 मई तक प्रदेश में तेज बारिश, ओलावृष्टि व हवाओं के चलने की संभावना है।

 

राजधानी शिमला में शनिवार को दोपहर बाद तक तेज धूप खिली रहने से गर्मी का अहसास रहा लेकिन शाम होते ही तूफान व बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं शनिवार को पांवटा साहिब का तापमान 41.0 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि बीते 24 घंटों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि 30 मई तक प्रदेश में बारिश, तेज हवा व ओलावृष्टि होने की संभावना है।

 

शनिवार को राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सैल्सियस जबकि न्यूनतम 17.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा सुंदरनगर का अधिकतम तापमान 36.4, भुंतर 35.2, कल्पा 22.6, धर्मशाला 31.8, ऊना 40.8, नाहन 35.7, सोलन 32.0, केलांग 27.4, डल्हौजी 23.1, चम्बा 36.3, मनाली 25.0, कांगड़ा 37.3, बिलासपुर 38.0, हमीरपुर 38.0, तथा मंडी का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड दर्ज किया गया।