प्रियंका गांधी के खिलाफ केस लड़ने से पीछे हटे वकील, जानिए क्यों?

Friday, Sep 09, 2016 - 04:05 PM (IST)

शिमला (विकास शर्मा): हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी जमीन मामले की सुनवाई टल गई है। अब अगली सुनवाई 25 नवम्बर को होगी। जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी के खिलाफ शिकायतकर्ता के वकील केस लड़ने से पीछे हट गए हैं और अब कोर्ट की ओर से शिकायतकर्ता देवाशीष भट्टाचार्य को नोटिस जारी किया जाएगा। यह मामला प्रियंका गांधी की शिमला और दिल्ली स्थित जमीनों के बारे में जानकारी सार्वजानिक करने से जुड़ा है। 


गौरतलब है कि प्रियंका के छराबड़ा में बन रहे आशियाने के लिए आबंटित जमीन का रिकॉर्ड मुहैया नहीं कराया गया। न्यायाधीश त्रिलोक चौहान की अदालत ने आर.टी.आई. कार्यकर्ता देवाशीष भट्टाचार्य की जमीन आबंटन का रिकॉर्ड मांगने वाली याचिका खारिज कर दी थी।


देवाशीष ने राज्य सूचना आयोग से भी यह जानकारी मांगी थी जिस पर आयोग ने रिकॉर्ड मुहैया कराने के निर्देश जारी कर दिए थे लेकिन कोर्ट ने इस पर पहले ही स्टे लगाया हुआ था जिससे यह कोर्ट की अवमानना का मामला बन गया। इस पत्र की सूचना देने के आदेश जारी करने वाले सूचना आयुक्तों को कोर्ट से माफी मांगनी पड़ी थई। आयोग के आदेशों के विरुद्ध ही प्रियंका ने जानकारी मुहैया न कराने की गुहार लगाई थी। उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि जानकारी मांगने वाले का छराबड़ा से कोई सम्बन्ध नहीं है। वह जमीन आबंटन के रिकॉर्ड की जानकारी लेकर उसका दुरूपयोग कर सकता है। इसलिए उसके रिकॉर्ड मांगने की याचिका खारिज की जाती है। इसी मामले से जुडी एक अन्य याचिका संख्या 3144/2016 पर सुनवाई 9 सितम्बर को जारी की थी।