हिमाचल में 29 से रफ्तार पकड़ेगा मानसून

Sunday, Jun 26, 2016 - 01:17 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में आगामी 29 जून से मानसून रफ्तार पकड़ेगा। हालांकि अभी तक मानसून पूरी तरह से सक्रिय नहीं हो पाया है लेकिन मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में मानसून के रफ्तार पकडऩे की संभावना बनी हुई। प्रदेश के तापमान में भी बढ़ौतरी दर्ज की गई है, जिससे गर्मी में भी काफी इजाफा हुआ है। ऊना का तापमान 39.6 डिग्री पार कर चुका है। शनिवार को राजधानी शिमला व इसके आसपास के क्षेत्रों में खासी गर्मी महसूस की गई। हालांकि दोपहर बाद बादल व धुंध भी छाई रही।

 

मौसम विभाग के अनुसार 28 जून तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा और बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो सकती है। तापमान की बात करें तो 2 से 3 डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की गई है। शनिवार को ऊना का अधिकतम तापमान 39.6 और कल्पा का न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार शिमला का अधिकतम तापमान 25.2, सुंदरनगर 34.9, भुंतर 36.2, कल्पा 27.0, धर्मशाला 30.2, नाहन 31.5, सोलन 29.0, कांगड़ा 33.9, मनाली 27.2 और मंडी का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। 

 

मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि आगामी 29 जून से मानसून के पूरी तरह से सक्रिय होने की संभावना बनी हुई है, जो 2 जुलाई तक जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि तापमान में बढ़ौतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में 28 जून तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा, हालांकि इस दौरान बारिश होने की भी संभावना बनी हुई है तथा धुंध व बादल छाए रहेंगे।