पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी, पारा लुढ़का

Thursday, Nov 26, 2015 - 09:20 PM (IST)

शिमला: प्रदेश की ऊंची पर्वत शृंखलाओं पैटसियो, बारालाचा, पुंग, सैवन सिस्टर, रोहतांग दर्रा व छितकुल सहित लाहौल की ऊंची पहाडिय़ों में दोपहर बाद हल्का हिमपात दर्ज किया गया। कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर व सोलन सहित राजधानी शिमला व इसके आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की बारिश दर्ज की गई। शिमला में देर शाम रुक-रुक कर हल्की बारिश का क्रम जारी रहा। प्रदेश में बिगड़े मौसम के मिजाज से ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के मध्यम तथा मैदानी क्षेत्रों में भी सुबह से ही बादल छाए रहे तथा कुछ एक क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की बंूदाबांदी भी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री गिरावट दर्ज की गई।

 

वीरवार को केलांग का न्यूनतम तापमान 1.5 व बरठीं का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह शिमला का न्यूनतम तापमान 6.4 अधिकतम 22.0 दर्ज किया गया तथा सुंदरनगर का 5.6, 25.0, भुंतर 5.7, 22.8, कल्पा 2.4, 17.2, धर्मशाला 9.2, 18.4, नाहन 13.4, 22.5, डल्हौजी 6.1, 14.4, सोलन 5.0, 25.0, चम्बा 9.3, 20.2, मनाली 4.8, 17.0, कांगड़ा 10.2, 23.5, बिलासपुर 6.4, 24.0, हमीरपुर 6.8, 23.6 और मंडी का न्यूनतम तापमान 10.1 व अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया।

 

मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि वीरवार को प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों में हल्की बर्फबारी व मध्यम तथा मैदानी क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 27 नवम्बर को भी मौसम इसी तरह बना रहेगा तथा आगामी 28 नवम्बर से मौसम पूरी तरह से सामान्य हो जाएगा।