यहां सहेजी जा रही हैं अंग्रेजों की कब्रें

punjabkesari.in Saturday, Dec 05, 2015 - 03:54 PM (IST)

शिमला: हिमाचल की राजधानी शिमला में एक ट्रस्ट भारत पर राज करने वाले अंग्रेजों की कब्रों को सहेज रहा है। यहां ब्रिटिश इंडिया पर शासन करने वाले अंग्रेजों की कब्रें हैं। यहां आजादी से पहले के अंग्रेजों की इन कब्रों पर उनके रिश्तेदार हर साल श्रद्घांजलि देने भारत भी आते हैं। इसी के चलते इन कब्रों को सहेजने का काम किया जा रहा है। आपको बता दें कि यह अनोखी पहल गुड न्यूज फेलोशिप ट्रस्ट शिमला ने शुरू की है। 


जानकारी के मुताबिक इस मुहिम में इस ट्रस्ट से जुडे़ लोग आजकल कब्रें सहेजने की जगह पर सफाई का काम कर रहे हैं। यह पहल ट्रस्ट के चेयरमैन महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में इससे जुडे़ तमाम लोगों ने की है। इसके लिए ट्रस्ट ने बाकायदा शिमला क्रिश्चियन समिट्री सोसायटी से अनुमति ली है। महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में अंग्रेज अपने पुरखों की कब्रों पर श्रद्धांजलि देने भारत आते हैं, मगर यहां कब्रों के आसपास गंदगी देखकर उनकी नजरों में शिमला की एक अलग ही तस्वीर बन जाती है।


खास बात तो यह है कि यहां 1850 ईस्वी के बाद से लेकर आजादी या इसके बाद तक अंग्रेजों की कब्रें हैं। इनमें से आधी से अधिक कब्रें तो बिल्कुल खराब हालत में हैं। कई कब्रों से संगमरमर तक चोरी किया जा चुका है। ट्रस्ट से जुड़े लोग इसकी पूरी तरह से देखरेख में जुट गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News