देश की रक्षा के लिए तीनों सेनाएं सक्षम : राज्यपाल

Wednesday, Jul 27, 2016 - 01:13 AM (IST)

शिमला: राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि देश रक्षा के लिए भारत की तीनों सेनाएं सक्षम हैं। देश की सेना में अपनी सेवाएं दे रहे वीर जवान दिन-रात अपने परिवारों तथा घरों से दूर रहकर देश की रक्षा कर रहे हैं और मैं ऐसे वीरों की बहादुरी और देशभक्ति को सलाम करता हंू। गेयटी थिएटर में वीर योद्धाओं के सम्मान में आयोजित समारोह में ये विचार राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोगों के समक्ष प्रकट किए।

 

राज्यपाल ने कहा कि वह राष्ट्र महान होता है जिसके युवा अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए सदैव तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई, 1999 को इस देश के सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की सीमा में घुसे पाकिस्तानी सैनिकों को मारकर उन्हें देश की सीमाओं को छोडऩे के लिए मजबूर कर दिया। इस दौरान देश के करीब 600 सैनिकों की टुकड़ी ने कारगिल पर देश का तिरंगा लहराया। इस दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवान इस देश की भावी पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। कार्यक्रम में बच्चों ने कंधों से मिलते हैं कंधे...,कदमों से मिलते हैं कदम, जब हम चलते हैं ऐसे तो दिल दुश्मन के हिलते हैं, गाने पर देश भक्ति का जज्बा जगाने वाली प्रस्तुति दी।

 

16 वीर योद्धाओं व परिजनों को किया सम्मानित
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सिडार फिलम्स ने प्रदेश के महान वीर योद्धाओं व उनके परिजनों को सम्मानित किया व कारगिल युद्ध पर आधारित शॉर्ट फिल्म दिखाई गईइस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए और वीरता से लड़े प्रदेश के 16 वीर योद्धाओं को मुख्यातिथि राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया।

 

इसमें नायब सूबेदार संजय कुमार (परमवीर चक्र-1999) जिला बिलासपुर, ऑनरेरी नायब सूबेदार लोखू राम (वीर चक्र 1952) जिला मंडी, ऑनरेरी कैप्टन सुशील कुमार (वीर चक्र-1971) जिला कांगड़ा, ऑनरेरी सूबेदार मेजर कांशी राम (महावीर चक्र-1962) जिला मंडी, हवलदार स्तनजिन (मरणोपरांत) (महावीर चक्र) जिला कुल्लू, हवलदार मेहर सिंह (वीर चक्र-1999) जिला मंडी, सिपाही सरदार सिंह (वीर चक्र-1989) जिला चम्बा, कैप्टन जतिंद्र नाथ सूद (मरणोपरांत) (वीर चक्र) जिला शिमला, सिपाही श्याम सिंह (मरणोपरांत) (वीर चक्र-2000) जिला शिमला, कैप्टन अमोल कालिया (मरणोपरांत) (वीर चक्र 1999) जिला ऊना, कर्नल अशोक कुमार चौहान (वीर चक्र 1987) जिला शिमला, ऑनरेरी कैप्टन जगदीश सिंह (वीर चक्र 1965) जिला कांगड़ा, हवलदार राजेंद्र सिंह (मरणोपरांत) (वीर चक्र 1971) जिला कांगड़ा, कैप्टन सुधीर कुमार (अशोक चक्र, सेना मैडल-2000) व हंसराज शर्मा शौर्य चक्र जिला मंडी को इस सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।