दूरदर्शन के कुछ अधिकारियों पर गिर सकती है गाज, जानिए क्यों?

Tuesday, Jun 14, 2016 - 09:54 AM (IST)

शिमला: हाल ही में शिमला दूरदर्शन केंद्र में सी.बी.आई. द्वारा की गई रेड मामले में केंद्र के कुछ अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।


सी.बी.आई. की जांच दूरदर्शन के कुछ एक अधिकारियों के इर्द-गिर्द घूम रही है। सूत्रों के अनुसार सी.बी.आई. के कुछ एक अधिकारी रिकॉर्ड  साथ ले गए हैं, जिसकी वे गहनता से छानबीन कर रहे हैं, वहीं कुछ एक सी.बी.आई. अधिकारी अभी भी शिमला में डेरा डाले हुए हैं और छानबीन कर रहे हैं। जल्द ही सी.बी.आई. इस मामले में अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है। सूत्रों का कहना है कि सी.बी.आई. को दूरदर्शन केंद्र में गड़बड़झाले की शिकायतें मिली थीं, जिनको लेकर उन्होंने यह कार्रवाई अमल में लाई है।


इस मामले को लेकर जल्द ही सी.बी.आई. थाना शिमला में एफ.आई.आर. भी दर्ज हो सकती है। केंद्रीय जांच एजैंसी (सी.बी.आई.) एफ.आई.आर. दर्ज करने से पहले पुख्ता सबूत हासिल करना चाहती है। सूत्रों का यह भी कहना है कि शिमला दूरदर्शन गड़बड़झाले में सी.बी.आई. जांच टीम के हाथ कुछ एेसे दस्तावेज लगे हैं, जिनके आधार पर कभी भी दूरदर्शन के अधिकारियों पर एफ.आई.आर. दर्ज की जा सकती है। हालांकि सी.बी.आई. दूरदर्शन कार्यालय से जब्त किए गए रिकॉर्ड की छानबीन कर रही है।


सी.बी.आई. दस्तावेजों को खंगालने के बाद इस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। उल्लेखनीय है कि बीते 10 जून को केंद्रीय जांच एजैंसी (सी.बी.आई.) ने शिमला स्थित दूरदर्शन कार्यालय में दबिश दी थी। केंद्र में चल रही कुछ अनियमितताओं को लेकर सी.बी.आई. की 10 सदस्यीय टीम ने कार्यालय से रिकॉर्ड खंगालने के साथ-साथ वित्तीय आकलन की फाइलें व कम्प्यूटर की हार्ड डिस्क को भी कब्जे में लिया है। सी.बी.आई. की उक्त दबिश से कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।