कांग्रेस ने BJP के मिशन 2017 की घोषणा को करार दिया हवा-हवाई

Sunday, Apr 03, 2016 - 09:34 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के मिशन 2017 की घोषणा को हवा-हवाई करार देते हुए कहा है कि यह भी मिशन रिपीट की तरह डिफीट होगा। देश के लोगों ने केंद्र की भाजपा नेतृत्व सरकार की नीतियों व नीयत को अब खूब परख लिया है। चुनावी वायदों को जुमलों का नाम देने वाली भाजपा पर से लोगों का मोह भंग हो चुका है। शनिवार को कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, महासचिव राम लाल ठाकुर, कुलदीप सिंह पठानिया, प्रवक्ता सुभाष मंगलेट व केवल सिंह पठानिया ने जारी संयुक्त बयान में भाजपा नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है। 


इन नेताओं ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार एकजुट व चट्टान की तरह मजबूत है। भाजपा के दुष्प्रचार की आलोचना करते हुए इन नेताओं ने कहा कि कांग्रेस भाजपा को इसका मुंह तोड़ जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की ज्वलंत समस्याओं व अपनी विफलताओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस शासित राज्यों को अस्थिर करने का जो राजनीतिक षड्यंत्र भाजपा द्वारा किया जा रहा है, उसका लोग उसे चुनावों में मुंह तोड़ जवाब देंगे। लोकतंत्र में जनमत का अपमान कभी भी सहन नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा को दुष्प्रचार का कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा।