''शगूफों में माहिर BJP खुद को दे रही झूठी तसल्ली''

Saturday, Oct 10, 2015 - 10:28 AM (IST)

शिमला: भाजपा नेताओं को न तो लोकतंत्र में विश्वास है और न ही यह जनमत का सम्मान करना जानते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रंगीला रामा राव व चंद्र कुमार ने यहां जारी संयुक्त बयान में यह बात कही है। उक्त नेताओं ने कहा है कि सत्ता में रहते हुए अपने राजनैतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ झूठे मुकद्दमें बनाना और सत्ता से बाहर आते ही उनके खिलाफ  झूठ बोलना भाजपा नेताओं की पुरानी आदत है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि प्रदेश की जनता भी भाजपा के दोहरे चरित्र से पूरी तरह से अवगत है, इसलिए वह अब इनके किसी भी झांसे में आने वाली नहीं है।


रंगीला राम राव व चंद्र कुमार ने कहा है कि भाजपा प्रदेश में अलग-थलग पड़ चुकी है। इसके नेता अपनी डफली-अपना राग अलाप रहे हैं। प्रदेश में भाजपा को लोगों का कोई समर्थन नहीं है, जिस कारण इसको लेकर अपने कुछ कार्यकर्त्ताओं के साथ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ  प्रदर्शन करना इनकी हताशा को साफ दर्शाता है। 


भाजपा में जाने की कौन सोचेगा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का नेता तो क्या कोई आम कार्यकर्त्ता भी भाजपा में जाने की नहीं सोच सकता क्योंकि वह अब पूरी तरह से भाजपा की नीयत और नीति को जान चुके हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार मजबूत है, जिसमें भाजपा का कोई भी षड्यंत्र इसे हिला नहीं सकता।