चोरों ने टैलीशॉप से 7 लाख रुपए का माल उड़ाया

Sunday, Sep 17, 2017 - 09:35 AM (IST)

लुधियाना (महेश): जिला पुलिस के तमाम सुरक्षा प्रबंधों को धत्ता बताते हुए चोर न्यू सुभाष नगर इलाके में शुक्रवार रात को एक टैलीशॉप में सेंधमारी करके करीब 7 लाख रुपए का इलैक्ट्रोनिक सामान, जिसमें विभिन्न कम्पनियों के 32 एंड्रायड मोबाइल, 6 एल.ई.डी., 4 माइक्रोवेव, होम थिएटर, इंटरनैट डोंगल इत्यादि कीमती सामान चुराकर ले गए। 

घटना का पता शनिवार प्रात: करीब 9 बजे चला जब शॉप का मालिक मङ्क्षहद्र सिंह आया। वह जोधेवाल के बाल सिंह नगर इलाके में रहता है। पाठ-पूजा करने के बाद जब उसका ध्यान डिस्प्ले किए गए इलैक्ट्रोनिक सामान की तरफ गया तो उसके होश उड़ गए, उसमें से उक्त सामान गायब था। सूचना मिलने पर बस्ती जोधेवाल पुलिस स्टेशन से ए.एस.आई. भजन सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। जिन्होंने घटनास्थल की फोटोग्राफी करने के बाद महिंद्र के बयान लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में देर शाम तक केस दर्ज नहीं हुआ था। 

पुलिस एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि चोरों की संख्या 4 से अधिक रही होगी। पुलिस का यह भी मानना है कि जिस तरफ से दीवार में सेंध लगाई गई है, वह बिल्कुल सीढिय़ों के पास है, उससे प्रतीत होता है कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने शॉप की रेकी की होगी। नवजोत ने बताया कि चोरों ने सस्ते मोबाइलों को छुआ तक नहीं। केवल महंगे मोबाइल अन्य महंगा सामान चुराकर ले गए। इस घटना में उसका 7 लाख रुपए से अधिक का नुक्सान हुआ है।  

दीवार में किए गए छेद से पतला व्यक्ति ही घुस सकता था अंदर
नवजोत ने बताया कि चोरों ने दीवार में इतना छेद किया जिसमें से दुबला-पतला व्यक्ति ही अंदर दाखिल हो सकता है। वह और पुलिस  इस बात को लेकर भी हैरान-परेशान हैं कि इतने छोटे छेद से चोरों ने एल.ई.डी. व माइक्रोवेव कैसे निकाले होंगे। 

तड़के आटो में देखे गए संदिग्ध लोग 
नवजोत ने बताया कि अपने स्तर पर की गई छानबीन और आसपास के लोगों से की गई पूछताछ में उन्हें पता चला कि तड़के करीब 3.30 बजे एक आटो में कुछ संदिग्ध लोगों को जाते हुए देखा गया था। उसे शक है कि उन्हीं लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।

आसपास के शोरूमों में पहले भी इसी तरह से हो चुकी है चोरियां 
आस-पड़ोस के लोगों ने बताया कि इसी ढंग से आसपास के कुछ शोरूमों में पहले भी चोरियां हो चुकी हैं। नवजोत ने बताया कि उन्हें एक युवक पर संदेह है। जिसे पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। जिसने यह तो कबूल किया है कि वह और उसके साथी पिछले 10 दिनों से चोरी की योजना तो जरूर बना रहे थे लेकिन उसने चोरी को अंजाम नहीं दिया। नवजोत ने दावा किया उसके पास इस युवक के कबूलनामे की वीडियो भी है, परंतु जब इसके साथियों के घर पर पुलिस ने छापामारी की तो वे अपने-अपने घरों से फरार पाए गए। शाम को उन सभी के मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गए। जिनका 8 से 10 लोगों का एक गिरोह है।

नहीं मिली सी.सी.टी.वी. की फुटेज 
शॉप व उसके पास कोई सी.सी.टी.वी. नहीं लगा हुआ था। जिसने पुलिस की और परेशानी बढ़ा दी। उनका कहना है कि अगर शॉप व उसके आसपास कोई सी.सी.टी.वी. लगा होता तो चोरों की पहचान हो सकती थी।