पंजाब को लेकर BJP की रणनीति, Amit Shah के साथ पंजाब टीम ने शेयर की खामियां

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 12:17 PM (IST)

पंजाब डेस्क: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सर्गमियां तेज हो गई है और इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी कमर कस ली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पार्टी के केंद्रीय और पंजाब के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम रणनीतिक बैठक की। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और पंजाब के प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, भाजपा मुख्यालय में बैठक शुरू होने से पहले अमित शाह ने करीब आधे घंटे तक पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने भाजपा मुख्यालय में पंजाब कोर ग्रुप के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक से पहले अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बी.एल. संतोष ने भी प्रारंभिक चर्चा की। इसके बाद देर रात तक चली विस्तृत बैठक के बाद नेताओं ने रात्रिभोज भी किया।

'पंजाब को बचाने' पर हुई चर्चा
बैठक के बाद भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि चर्चा का मुख्य विषय "पंजाब की जवानी, किसान और पंजाब की मूल भावना को बचाना" रहा। बैठक में प्रदेश की मौजूदा स्थिति और आगामी चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

20 से 22 जून तक पंजाब दौरे पर रहेंगे नितिन नवीन
सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 से 22 जून तक पंजाब के दौरे पर रहेंगे। वह 21 जून (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस) पर अमृतसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा लुधियाना में पार्टी के बूथ स्तर के करीब 7,000 कार्यकर्ताओं और बूथ प्रबंधकों की बड़ी बैठक को भी संबोधित करेंगे। इसे पंजाब में भाजपा की अब तक की सबसे बड़ी संगठनात्मक बैठक माना जा रहा है।

इन मुद्दों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
बैठक में इस बात पर व्यापक सहमति बनी कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या, आर्थिक स्थिति और आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के कथित कुशासन को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाएगी।

बैठक में शामिल रहे ये नेता
बैठक में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, श्वेत मलिक, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, अश्विनी शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, इकबाल सिंह लालपुरा, मनप्रीत सिंह बादल, फतेह सिंह बाजवा, प्रदेश महासचिव परमिंदर बराड़ और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जय इंदर कौर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं संगठन की ओर से आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी सौदान सिंह, पंजाब भाजपा के संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु और नरेंद्र रैना भी बैठक में शामिल हुए। हालांकि हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को इस बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News