फूड सप्लीमैंट बेचने वाले दुकानदार पर पुलिस ने कसा शिकंजा

Sunday, Mar 26, 2017 - 01:07 PM (IST)

जालंधर(प्रीत): ट्रांसपोर्ट नगर व काली माता मन्दिर के निकट फूड सप्लीमैंट बेचने वाले दुकानदार पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस का दावा है कि फूड सप्लीमैंट में नशीला पदार्थ है। पुलिस ने दुकानदार को काबू करके उससे नशीला फूड सप्लीमैंट बरामद किया है। डी.सी.पी. गुरमीत सिंह ने बताया कि ए.सी.पी. सुरिन्द्र धोगड़ी को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर व काली माता मन्दिर के निकट स्थित सहजल फूड सप्लीमैंट शॉप पर बेचे जा रहे फूड सप्लीमैंट में नशीला पदार्थ हैं। सूचना मिलने पर ए.डी.सी.पी. जसवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों दुकानों पर रेड की और वहां से कुल 25 किलो नशीला फूड सप्लीमैंट बरामद किया। डी.सी.पी. गुरमीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुकानदार सुरिन्द्र कुमार वासी राम नगर को गिरफ्तार किया है। 

पूछताछ में पता चला कि उक्त फूड सप्लीमैंट के सील्ड पैकेट तरनतारन एरिया से उनके पास सप्लाई होते हैं। उक्त पैकेट सप्लायर उपकार सिंह वासी गोइंदवाल साहिब सप्लाई करता है। डी.सी.पी. ने बताया कि उपकार सिंह की तलाश की जा रही है। साथ ही जब्त किए गए 25 किलो नशीले फूड सप्लीमैंट को जांच के लिए फोरैंसिक लैब भेजा जा रहा है ताकि पता चल सके कि इसमें कौन से नशीले पदार्थ मिक्स हैं। बताया जा रहा है कि उक्त फूड सप्लीमैंट प्रवासी मजदूरों व श्रमिकों को बेचे जा रहे थे। मामले की जांच की जा रही है।