Ludhiana में गुंडागर्दी का नाच, बदमाशों ने सरेआम बुलेट सवार दोस्तों को घेरकर पीटा और फिर...

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 09:11 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में बेखौफ बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब सरेआम रास्तों पर रोककर मारपीट और हथियारों के बल पर धमकियां दी जा रही हैं। ताजा मामला विजय नगर पुल के पास से सामने आया है, जहां दो दोस्तों पर मोटरसाइकिल सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के सिर पर पिस्तौल के बट मारकर उसे लहूलुहान कर दिया गया। थाना टिब्बा की पुलिस ने पीड़ित अमन नागपाल के बयानों पर आरोपी हरमन सिंह और जश्न ढींढसा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

शिकायतकर्ता अमन नागपाल ने पुलिस को बताया कि 1 मार्च को वह अपने दोस्त पृथ्वी के साथ घर की ओर जा रहा था। वह दोनों अलग अलग मोटरसाइकिल पर थे। जैसे ही वे विजय नगर पुल से थोड़ा पीछे पहुंचे, तभी एक काले रंग की डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। हमलावरों की पहचान हरमन सिंह और जशन ढींडसा के रूप में हुई है, जिनमें से एक मोना और दूसरा सरदार युवक था।

पीड़ित का आरोप है कि इन युवकों ने बिना किसी वजह के उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, हमलावरों ने पास मौजूद पिस्तौल के बट उसके सिर और शरीर पर दे मारे। जब दोस्त पृथ्वी उसे छुड़ाने के लिए आगे आया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की की और बुरी तरह अपमानित किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते-जाते उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अब इस मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News