पंजाब में चुनावों के लिए अर्ध-सैनिक बलों की 215 कम्पनियां मंजूर

Saturday, Apr 20, 2019 - 01:15 PM (IST)

जालंधर(धवन): केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए 215 अर्धसैनिक बलों की कंपनियों की मंजूरी दी है। पंजाब के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर.एन. ढोके, जोकि चुनावों के लिए नोडल पुलिस अधिकारी के रूप में काम कर रहे हैं, ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि इस महीने के अंतिम सप्ताह से अर्धसैनिक बलों की कम्पनियां पंजाब पहुंचनी शुरू हो जाएंगी। एक अर्धसैनिक बलों की कम्पनी में 100 से 120 जवान होते हैं। इनके अलावा लगभग 80,000 पुलिस कर्मचारी भी चुनावी ड्यूटी पर रहेंगे। 

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने भी केन्द्र सरकार से समुचित फोर्स पंजाब में भेजने का आग्रह किया था, ताकि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब में चुनावों के दौरान गड़बड़ करवाने वाले शरारती तत्वों पर पूरी तरह से नकेल कसी जा सके। पंजाब ने 350 अर्धसैनिक बलों की कंपनियां मांगी थी, पर अन्य राज्यों में भी चुनावों को देखते हुए गृह मंत्रालय ने 215 कम्पनियों को मंजूरी प्रदान की।  अगर 2014 की स्थिति को देखा जाए तो उस समय पंजाब को 199 अर्धसैनिक बलों की कम्पनियां मिली थीं। 2014 में 22,019 पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे, जबकि इस बार 23,213 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। 5500 पोलिंग स्टेशनों को संवेदनशील माना गया है। राज्य में 2.04 करोड़ मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना है। राज्य में कुल लोकसभा सीटों की गिनती 13 है।

swetha