ऊना में गरजे राहुल, बोले- मोदी जी आपने मेरे पिता का अपमान किया, मैंने आपको प्यार दिया

Friday, May 10, 2019 - 03:46 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार ऊना के झलेड़ा पुलिस ग्राउंड में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह मेरे राजनीतिक गुरु हैं, उनका सम्‍मान करता हूं। मैं मोदी जैसा नहीं हूं जो अपने कोच को लाल कृष्‍ण आडवाणी को झापड़ मार दिया। राहुल ने कहा मोदी अकेले कांग्रेस के साथ कबड्डी खेलने निकल पड़े हैं पर अब वो हमारी मजबूत टीम ने पकड़ लिए हैं, वह आउट होकर ही जाएंगे। वह अकेले हर फैसला लेते हैं, व्यापारियों का क्या कसूर था, आम लोगों का क्या कसूर था, जीएसटी लगा दिया।

हिंदुस्तान की जनता ने उन्‍हें दबोच लिया है, नरेंद्र मोदी का काम तमाम हो चुका है। राहुल ने कहा संसद में आपने जवाब नहीं दिया, डेढ़ घंटे संसद में बोला पर आंख से आंख नहीं मिला सके। राहुल ने आरोप लगाया कि उन्‍होंने चोरों की चौकेदारी की, अरुण जेटली की बेटी के खाते में पैसा गया, एक मुख्यमंत्री के बेटे के खाते में भी पैसा डाला गया। आपने मेरे पिता का अपमान किया और मैंने आपको प्यार दिया। दूसरी ओर राहुल गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, सह प्रभारी गुरप्रीत कोटली, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। बता दें कि राहुल की रैली को लेकर लोगों की भीड़ उमड़ी हुई है। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए।

राहुल ने हाथ पकड़कर वीरभद्र सिंह को माइक तक पहुंचाया

राहुल गांधी ने हाथ पकड़ कर पूर्व मुख्‍यमंत्री को सम्मान देकर बोलने के लिए मंच पर पहुंचाया। वीरभद्र ने कहा वो सुनने आए थे, राहुल देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। देश के सभी प्रधानमंत्रियों ने विकास करवाया है। प्रदेश के विकास में कांग्रेस, इंदिरा, राजीव व मनमोहन सिंह का योगदान रहा।

Ekta