हिमाचल के CM समेत राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुए मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Friday, Dec 16, 2022 - 01:34 PM (IST)

हिमाचल डैस्क : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक विक्रमादित्य सिंह व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई कांग्रेस विधायक आज राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा के आज 100 दिन पूरे हुए हैं, जिसे और अधिक मजबूती देने के लिए आज हिमाचल प्रदेश के कई विधायक यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में शामिल होने से पहले वीरवार शाम को हिमाचल के कई विधायकों ने एक साथ वोल्वो बस में राजस्थान के अलवर के लिए रवाना होने से पहले तस्वीरें भी शेयर की थीं। 

वहीं 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाते हुए की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने लिखा, ''कदम कदम मिलाए जा, खुशी के गीत गाए जा, यह जिंदगी है कोम की तू कोम पर लुटाए जा।'' यह भी जानकारी सामने आई है कि शुक्रवार शाम तक हिमाचल के सभी विधायक के मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री सहित राजस्थान से दिल्ली लौटने की योजना है। प्रदेश में जल्द मंत्रिमंडल का गठन होना है। ऐसे में मंत्री पद के तलबगार विधायक सेटिंग करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। 

कांग्रेस को प्रदेश में सत्ता हासिल किए एक हफ्ते से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन अभी तक मत्रिमंडल के लिए कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। मंत्री पद लेने के लिए कई नेता दिल्ली में अपनी उपस्थिति रख रहे हैं। वहीं सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा कि 19 दिसंबर तक प्रदेश में मंत्रिमंडल का गठन होने के आसार कम हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू 20 दिसंबर को शिमला लौटेंगे, लेकिन इससे पहले वह दिल्ली में आलाकमान से चर्चा कर मंत्रिमंडल का स्वरूप तैयार करेंगे। मुख्यमंत्री के दिल्ली में ही रहते हुए मंत्रियों की सूची जारी होने की भी संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News