शाह ने राहुल को दी चुनौती, बोले- दीवार पर लिख लें हिमाचल में बनेगी BJP सरकार

Wednesday, Nov 01, 2017 - 03:47 PM (IST)

मंडी (पुरूषोत्तम): हिमाचल में चुनाव प्रचार के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मंडी के थुनाग में बीजेपी प्रत्याशी जय राम ठाकुर के लिए प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं हिसाब लेना जानता हूं लेकिन इस बार हिसाब लेने आया हूं, इसलिए थुनाग वालों नारा जोर से लगाओ, ताकि मोदी जी को दिल्ली में पता चले कि भाजपा वाले जय राम को जिताने इकट्ठे हुए हैं। शाह ने कहा कि दिल्ली से जब आया तो कहते थे कि भाजपा की लहर है। हिमाचल में भाजपा की सुनामी है। जब सुनामी आती है तो कुछ नहीं बचता। हिमाचल में 5-5 साल वाली सरकार नहीं चाहिए। 20 साल की सरकार चाहिए। 5-5 साल का खेल बंद करें। विकास के गुब्बारे में भाजपा हवा भरती है। शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल बाबा 2014 के बाद के सभी चुनावों को याद करो। हर चुनाव में भाजपा आई। शाह ने कहा कि मोदी ने 30 करोड़ घरों में बैंक खाते खोले। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल की जनता वीरभद्र सरकार से उनके द्वारा किए गए भ्रष्टाचारों का हिसाब मांग रही है। 


राहुल अब दीवार पर लिख लो हिमाचल में आ रही भाजपा की सरकार
उन्होंने कहा कि राहुल अब दीवार पर लिख लो हिमाचल में भाजपा की सरकार आ रही है। मोदी का विजय रथ अब हिमाचल में पहुंच गया है। शाह ने कहा कि राहुल पूछ रहे गुजरात में क्या विकास हुआ। राहुल हिमाचल गुड़िया की मौत व वीरभद्र के भ्रष्टाचार का हिसाब मांगता है। हिमाचल के विकास के लिए क्या किया, हिसाब दो मैं हिसाब देकर जाऊंगा। शाह ने कहा कि हम मुंह छिपा कर नहीं सीना तान कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने हिमाचल में संगठन खड़ा किया है।  


तीन पीढ़ियों के साथ कांग्रेस के कार्यो का हिसाब दें राहुल 
शाह ने कहा कि गांधी परिवार की तीन पीढ़ियों ने देश में राज किया, लेकिन विकास की दृष्टि से जो काम होने चाहिए थे, वे नहीं हो पाए। हजारों करोड़ रुपए के घोटाले करने वाली कांग्रेस सरकार के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किस मुंह से मोदी सरकार के 3 साल के कार्यकाल का हिसाब मांग रहे हैं। हिसाब तो अब राहुल को अपनी इन 3 पीढ़ियों के साथ प्रदेश में कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यो का देना होगा। उनके मुताबिक, नरेंद्र मोदी व प्रेम कुमार धूमल की जोड़ी हिमाचल को आगे बढ़ाएगी। प्रदेश का ट्रांसफॉर्म जल गया है इसे उखाड़ फेंको। जय राम को शिमला भेजो बहुत बड़े व्यक्ति बनने वाले हैं। सेब का समर्थन मूल्य बढ़ेगा। पहाड़ी में रहने वाले को अब पहाड़ी छोड़ कर नहीं जाना होगा। भाजपा घर पर रोजगार उपलब्ध करवाएगी।