Watch Pics: देश की सबसे लंबी सुरंग की करें सैर, इंतजार बस खत्म होने वाला है

Monday, Nov 14, 2016 - 04:13 PM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर अरोड़ा): 10 हजार फुट की ऊंचाई पर बन रही 8.8 किलोमीटर लम्बी देश की महत्वपूर्ण रोहतांग सुरंग के दोनों किनारे अगले साल जुलाई में जुड़ जाएंगे। इसके बाद इस टनल के बाकि बचे कार्य को पूरा कर इसे साल 2019 में यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इस टनल के कार्य का आज सुबह रक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव जे रामा कृष्णा राव ने दौरा किया तथा यहां चल रहे कार्य का निरीक्षण किया।


बताया जा रहा है कि राव ने बी.आर.ओ. के चीफ इंजीनियर के साथ रोहतांग सुरंग के साऊथ और नार्थ पोर्टल का दौरा किया। उन्होंने सुरंग के निर्माण में जुटी स्ट्राबेग और एफकॉन सहित सुरंग का डिजाइन करने वाली स्मेक कंपनी के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और कार्य की रिपोर्ट जानी। चीफ इंजीनियर ब्रिगेडियर डी.एन. भट्ट ने उन्हें सुरंग के कार्यो से अवगत करवाया।


उन्होंने बी.आर.ओ. के कार्यों को सराहा और निर्माण समय पर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जुलाई 2018 में सुरंग के दोनों छोर जोड़ दिए जाएंगे तथा वर्ष 2019 में रोहतांग सुरंग देश को समर्पित कर दी जाएगी। सुरंग के कार्य को देख रहे कर्नल संजय थपलियाल ने बताया कि साऊथ पोर्टल में काम सर्दियों में भी जारी रहेगा जबकि नार्थ पोर्टल में काम मौसम पर निर्भर रहेगा। जब तक बर्फ नहीं पड़ती तब तक नार्थ पोर्टल में काम को गति दी जाएगी।