त्रिदेव सम्मेलन में राजनाथ बोले- पाक एक गोली चलाए तो भारत की गोलियों की गिनती नहीं होनी चाहिए

Sunday, Jun 04, 2017 - 04:22 PM (IST)

हमीरपुर (अरविंदर सिंह): हिमाचल के जिला हमीरपुर में बीजेपी के त्रिदेव सम्‍मेलन में पहुंचे मुख्यातिथि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का कार्यकर्ताओं द्वारा हार पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नडडा, प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे, सांसद अनुराग ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सती ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने बीजेपी जिला कार्यालय के नींव के लिए शिलान्यास पत्थर भी रखा।



पाक एक गोली चलाए तो भारत की गोलियों की गिनती नहीं होनी चाहिए
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी और कहा कि भारत पहले गोली नहीं चलाएगा। अगर पाक की तरफ से एक गोली चले तो फिर गोलियों की गिनती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पाक को चेतावनी देते हुए कहा कि कश्मीर को डिस्टर्ब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बनाओ भाजपा। 1 साल में किसानों का फसल बीमा होगा। चाहे सरकार को खुद ही क्यों न बीमा राशी भरनी पड़े। उन्होंने कहा कि आज देश में हंसी का पात्र कांग्रेस बनी है। कांग्रेस नेताओं को आज कोई गंभीरता से नहीं लेता। 


कांग्रेस ने होलसेल भ्रष्टाचार किया
राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने होलसेल भ्रष्टाचार किया है। मोदी सरकार पर तीन साल में भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया है। नोटबंदी से देश में कालाधन खत्म हुआ है। मोदी सरकार ने जनता के साथ विश्वासघात नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री को कांग्रेस मौत का सौदागर कहती थी। मोदी आज देश के गरीबों के लिए मसीहा बने हैं। उन्होंने कहा कि पैरामिलिट्री फोर्स भर्ती में हिमाचल को कोटा मिलेगा। केंद्र सरकार मुकम्मल व्यवस्था बनाएगी। बताया जाता है कि इस सम्मेलन में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के 5112 बूथ पालक व बीपीएल ने भाग लिया।