शपथ ग्रहण में शिमला पहुंचे राहुल और प्रियंका, कहा-इन्होंने काफी मेहनत की, हम सभी खुश

Sunday, Dec 11, 2022 - 01:10 PM (IST)

हिमाचल डेस्क : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह के लिए संजौली हेलीपैड पहुंच चुके हैंं। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "हम सभी खुश हैं, इन्होंने बहुत मेहनत की है।" शपथ ग्रहण से पहले शिमला में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रदेश की अध्यक्ष, नेता और सारे कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की। यह जनता की जीत है। एक एक करके सारे काम होंगे। यह किसी एक व्यक्ति की जीत नहीं है सबने एक होकर काम किया और यह उसका परिणाम है।

 शपथ ग्रहण से पहले शिमला में  हिमाचल चुनाव में स्टार प्रचारक रहे राजस्थान कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट ने कहा कि यह खुशी की बात है, सुक्खू को पार्टी ने मौका दिया है, हिमाचल में पार्टी ने जो भी वादे किए हैं हमें उम्मीद है कि सुक्खू उन्हें पूरा करेंगे। यह एक सकारात्मक बदलाव है। यहां के लोग कांग्रेस को हमेशा से चाहते हैं।  राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि आज तो मौसम भी बहुत खुशनुमा हो गया है। आज शपथ ग्रहण समारोह भी बेहद शानदार होगा। नेता, कार्यकर्ता में जश्न का माहौल है। एक नई शुरुआत हो रही है। हिमाचल के साथ आने वाला वक्त और बी मज़बूत होगा।

 

 

 

 

Content Writer

Kuldeep