धर्मशाला में हिमाचल की जनता से आज रूबरू होंगे PM मोदी

Thursday, Dec 27, 2018 - 10:31 AM (IST)

धर्मशाला : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरा होने के मौके पर बृहस्पतिवार को धर्मशाला में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बुधवार को जारी एक बयान में बताया गया कि वह राज्य सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाला एक दस्तावेज भी जारी करेंगे। वह सुबह करीब साढ़े 11 बजे धर्मशाला पहुंचेंगे और वहां एक रैली को संबोधित करेंगे। बयान में कहा गया है कि वह विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत भी करेंगे। पिछले वर्ष हुए राज्य विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को हराकर भाजपा सत्ता में आई है।

मोदी को धन्यवाद दिया

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, भाजपा के राज्य प्रभारी मंगल पांडेय और राज्य भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह बुधवार को धर्मशाला पहुंचे और रैली की तैयारियों का जायजा लिया। राज्य के ‘‘सर्वांगीण और समान विकास’’ के प्रति लोगों के सहयोग के लिए ठाकुर ने उनका आभार जताया। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लिए राज्य को करोड़ों रुपये की वित्तीय मदद देने को लेकर मोदी को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल ‘‘काफी सफल और उपलब्धियों से भरा’’ रहा है। एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना और मुख्यमंत्री चिकित्सा कोष जैसी नई कल्याणकारी योजनाएं चलाकर समाज के हर तबके को लाभ पहुंचाने का बेहतरीन प्रयास किया है।

राज्य में एक लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए

ठाकुर ने कहा, ‘‘सरकार द्वारा शुरू किया गया जन मंच कार्यक्रम आम आदमी की शिकायतों और मांगों को तुरंत पूरा करने के लिए वरदान साबित हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वृद्धावस्था पेंशन के लिए उम्र को आय सीमा से परे 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष करने के राज्य सरकार के निर्णय से राज्य में एक लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।’’ उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने राज्य में 63 विधानसभाओं का दौरा किया जिससे उनको जनता से सीधे रू-ब-रू होने का मौका मिला।
 

kirti