मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से ईडी के 70 सवाल, 9 घंटे चली पूछताछ

Thursday, Apr 20, 2017 - 10:19 PM (IST)

नई दिल्ली: धन शोधन मामले में ईडी के ऑफिस पहुंचे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से ED ने आज की पूछताछ पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री से यह पूछताछ दिल्ली के जामनगर हाऊस स्तिथ र्डडी ऑफिस में की गई। ईडी के सूत्रों के मुताबिक दोपहर करीब सवा 12 बजे से चली पूछताछ में मुख्यमंत्री से करीब 70 सवाल पूछे गए। इस दौरान वीरभद्र सिंह के बयानों की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। ED की यह पूछताछ लगभग 9 घंटे से ज्यादा देर तक चली, जिसके बाद मुख्यमंत्री ईडी के ऑफिस से बाहर निकले।  

बता दें कि धन शोधन मामले में वीरभद्र सिंह की आज यहां पेशी थी। वीरभद्र सिंह की पहले 13 अप्रैल को पेशी थी लेकिन वे पेश नहीं हुए थे जिसके कारण उनके खिलाफ नया सम्मन जारी किया गया था। नए सम्मन के अनुसार मुख्यमंत्री को 20 अप्रैल को जांच अधिकारी के सामने पेश होना था।

ED की यह कार्रवाई मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी और अन्य के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोत से अधिक करीब 10 करोड़ रुपए की संपत्ति इकट्ठा करने के आरोप में CBI की ओर से आरोप पत्र दाखिल किए जाने के बाद हुई है। ED ने पहले भी मुख्यमंत्री को सम्मन किया था लेकिन उस वक्त वह आधिकारिक व्यस्तता का हवाला दे कर हाजिर नहीं हुए थे।