मोदी को रैली का जवाब देने हिमाचल आ रहे राहुल, कांग्रेस ने इस मैदान पर लगाई मोहर

Wednesday, Oct 04, 2017 - 02:55 PM (IST)

शिमला/मंडी (पुरुषोत्तम): अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की 7 अक्तूबर को मंडी में होने वाली रैली के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह खुद मैदान में उतर आए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को मुख्यमंत्री ने बिलासपुर से वापस शिमला लौटने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक की। जिसमें राहुल की रैली को मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित किए जाने पर मोहर लगाई गई। ओकओवर में हुई उक्त बैठक में आई.पी.एच. मंत्री विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, परिवहन मंत्री जी.एस. बाली, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा व ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा सहित अन्य नेता मौजूद रहे। करीब डेढ़ घंटे तक इसमें रैली की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। राहुल की रैली उक्त मैदान में ही करने का निर्णय लिया गया। 


10 माह पहले क्यों नहीं किया एम्स शिलान्यास: केशव
कांग्रेस पार्टी राज्य प्रवक्ता केशव नायक ने कहा कि केंद्र सरकार का अच्छे दिनों का जुमला देशवासियों के लिए बुरे दिनों की सौगात लेकर आया है। उन्होंने कहा कि जिस संस्थान के लिए प्रदेश सरकार ने 10 माह पहले जमीन उपलब्ध करवाई तो उसका शिलान्यास किस वजह से लटकाया गया। भाजपा के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं है। कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी और वीरभद्र सिंह 7वीं बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।


मंडी में मोदी की रैली का जवाब
राहुल गांधी की रैली के माध्यम से कांग्रेस मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिलासपुर में हुई जनसभा का जवाब देने की तैयारियों में है। ऐसे में रैली में भीड़ जुटाना पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। सूचना के अनुसार रैली में भीड़ जुटाने का जिम्मा पार्टी के अग्रणी संगठन युवा कांग्रेस और एन.एस.यू.आई. के साथ ही पार्टी के अन्य प्रकोष्ठों पर भी रहेगा। इसको लेकर बाकायदा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।