यहां दिखा HRTC के कर्मचारियों की हड़ताल का असर, लोगों को करना पड़ा ऐसे सफर

Tuesday, Jun 14, 2016 - 04:10 PM (IST)

मंडी (नीरज शर्मा): एच.आर.टी.सी. कर्मचारियों की प्रदेश में हड़ताल का खासा असर मंडी में भी देखने को मिला। ज्यादा परेशानी निगम की बसों के न चलने से लोगों को पेश आई। हड़ताल के कारण लोगों को परिवहन के लिए निजी बसों का सहारा लेना पडा, लेकिन दूर-दराज के ऐसे इलाकों में जहां मात्र परिवहन निगम की ही बसें सेवाएं दे रहीे हैं वहां के लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे क्षेत्रों के कई स्कूलों में स्कूली बच्चे बसें न चलने के कारण स्कूल नहीं जा सके।


कर्मचारियों और आम लोगों को भी अपने कार्यस्थलों के लिए पैदल भी रवाना होना पडा है। परिवहन कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लोगों को घर जाने के लिए टैक्सियों में भारी किराया देकर जाना पड़ रहा है। इस हड़ताल का असर जहां आम लोगों पर देखने को मिला वहीं बाहर के राज्यों से आए पर्यटकों पर भी इसका व्यापक प्रभाव पड़ रहा है।


दूसरे राज्यों से आए पर्यटकों को भी परिवहन की कोई सुविधा न मिलने के कारण वह बस स्टाप पर किसी बस का इंतजार करते हुए नजर आए। कुछ लोग जो इस हड़ताल से बेखबर थे उन्हें भी पूछताछ कांऊटर पर निराशा ही हाथ लगी। लोगों ने सरकार से परिवहन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने का आग्रह किया है ताकि भविषय में आम लोगों को इस तरह की परेशानी से दो-चार न होना पड़े।