हिमाचल विधानसभा चुनाव: जानिए किस दिग्गज नेता ने कहां से डाला वोट

Thursday, Nov 09, 2017 - 02:22 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की 68 सीटों के लिए मतदान जारी है। इन विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने और सत्ता पर कब्जे का सपना संजोए कांग्रेस और बीजेपी के लिए सामान्य तौर पर हर एक सीट महत्वपूर्ण है। पोलिंग बूथों पर वोट डालने के लिए कई दिग्‍गज भी पहुंचे। जानिए किसने कहां डाला वोट। 


वीरभद्र सिंह ने रामपुर में बेटे सहित किया मतदान
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गुरुवार सुबह रामपुर स्थित पदम पैलेस स्कूल में बने पोलिंग स्टेशन पर जाकर मतदान किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह और बेटे विक्रमादित्य सिंह मौजूद रहे। वीरभद्र सिंह अर्की विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में उतरे हैं, लेकिन उनका वोट रामपुर बुशहर में था। इसके लिए वे बुधवार को ही रामपुर चले गए थे। वोट डालने के बाद वह शिमला रवाना हो गए हैं। वहीं, विक्रमादित्य सिंह का वोट भी रामपुर में ही है। वे शिमला ग्रामीण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर पहले उनके पिता यानी सीएम वीरभद्र सिंह चुनाव में उतरे थे, लेकिन अबकी बार विक्रमादित्य सिंह इस सीट से उतरे हैं और वीरभद्र सिंह सोलन जिला के अर्की से चुनाव मैदान में उतरे हैं। 


प्रेम कुमार धूमल ने समीरपुर में परिवार सहित किया मतदान
हमीरपुर के सुजानपुर से बीजेपी के सीएम उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल ने समीरपुर में बेटे अनुराग ठाकुर के साथ वोट किया। बताया जाता है कि हमीरपुर जिला के 3 लाख 80 हजार 525 वोटर मतदान कर रहे हैं। 


सुखविंद्र सिंह सुक्खू और विजय अग्निहोत्री ने नादौन से किया वोट
हमीरपुर के नादौन विधानसभा क्षेत्र के भरवां मतदान केंद्र में आज सुबह दोनों ही प्रमुख दलों के प्रत्याशी सुखविंद्र सिंह सुक्खू और विजय अग्निहोत्री एक समय पर ही मतदान केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। दोनों ने मतदान करने से पहले एक-दूसरे को शुभाकामनाएं भी दी। हालांकि यह मतदान केन्द्र कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंद्र सिंह सुक्खू का अपना मतदान केंद्र है और वह अपने मताधिकार को प्रयोग करने अपनी पत्नी के साथ आए थे। इस मौके पर मतदान केन्द्र में काफी संख्या में लोग वोट डालने के लिए लाइन में खड़े हुए। आपसी बातचीत के बीच दोनों ही नेताओं ने हंसी के ढहाके भी लगाए।



सतपाल सत्ती और मुकेश अग्निहोत्री ने भी डाला वोट
ऊना सदर में भाजपा के प्रत्याशी एवं प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने टब्बा में अपना मतदान किया। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने लालसिंगी में मतदान किया। दोनों ही प्रमुख दलों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया।


वहीं ऊना के हरोली से कांग्रेस सरकार में उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने परिवार सहित मतदान किया। ऊना की पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 3 लाख 91 हजार 338 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिनमें एक लाख 98 हजार 802 पुरुष, एक लाख 92 हजार 532 महिला तथा चार ट्रांस जैंडर मतदाता शामिल हैं। ऊना से भाजपा प्रत्याशी रत्न पाल ने किया मतदान। 


 
सोलन से राजेश कश्यप और धनीराम शांडिल ने किया मतदान
सियासी दंगल में ससुर-दामाद आमने-सामने हुए। सोलन से भाजपा प्रत्याशी राजेश कश्यप और कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल ने मतदान किया। वहीं सोलन से भाजपा सांसद वीरेंद्र कश्यप ने भी मतदान किया। 



नाहन से राजीव बिंदल ने किया वोट
भाजपा प्रत्‍याशी राजीव बिंदल ने नाहन से मतदान किया। वोट के बाद वह अपने समर्थकों के साथ नजर आए। वहीं नालागढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी राम कुमार अपनी पत्नी व पुत्री के साथ मतदान करते हुए। 


मंडी से सुखराम ने बेटे संग किया मतदान
मंडी से पंडित सुखराम ने अपने बेटे अनिल शर्मा और पत्नी के साथ मतदान किया। 



जोगिंद्रनगर से भाजपा उम्‍मीदवार गुलाब सिंह ठाकुर ने परिवार के साथ मतदान किया।


स्वास्थ्य मंत्री व द्रंग विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्यशी ठाकुर कौल सिंह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने विश्वास जताया कि द्रंग की जनता उन्हें 9वीं बार हिमाचल की विधानसभा भेजेगी। उन्होंने वीवीपैट मशीनों के लिए निर्वान आयोग का आभार भी व्यक्त किया।

सुंदरनगर में कांग्रेस प्रत्यासी सोहन लाल ठाकुर ने खुराहल पोलिंग बूथ पर डाला अपना वोट।

पालमपुर से इंदु गोस्वामी ने किया वोट
कांगड़ा के पालमपुर से भाजपा प्रत्याशी इंदु गोस्वामी ने भी मतदान किया। वहीं नगरोटा से कांग्रेस सरकार में परिवहन मंत्री जीएस बाली ने मतदान किया।



नरेंद्र ठाकुर और राजेंद्र राणा ने भी परिवार सहित किया वोट
हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर ने परिवार के साथ मतदान किया। वहीं सुजानपुर से कांग्रेस उम्‍मीदवार राजेंद्र राणा मतदान करने के बाद परिवार के साथ। 

झंडूता से जेआर कटवाल ने डाला वोट
बिलासपुर के झंडूता से भाजपा उम्मीदवार जेआर कटवाल ने भी परिवार संग वोट डाला।


बिलासपुर के विजयपुर में जेपी नड्डा ने परिवार सहित डाला वोट 
बिलासपुर के विजयपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने परिवार सहित वोट डाला। यहां मतदान को लेकर भाजपा में भारी जोश दिखा। नड्डा ने कहा कि जनता इस बार कांग्रेस को उखाड़ फेंकेगी। 



ठियोग से विद्या स्टोक्स ने किया मतदान
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता विद्या स्टोक्स ने ठियोग से अपना मतदान किया।