'हिमाचल में राजनीतिक जमीन खिसकने के बाद अब गुजरात में घबराहट में क्यों BJP नेतृत्व'

Tuesday, Nov 28, 2017 - 10:01 AM (IST)

सुजानपुर: राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने प्रैस बयान में कहा कि हिमाचल में राजनीतिक जमीन खिसकने के बाद अब भाजपा नेतृत्व गुजरात विधानसभा चुनावों में घबराया हुआ क्यों है। राजेंद्र राणा ने कहा कि गुजरात में भाजपा नेतृत्व की घबराहट इसी बात से समझी जा सकती है कि केंद्र के 50 से अधिक मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री गुजरात की गली-गली नाप रहे हैं लेकिन जनता का मिजाज देखकर उनके होश उड़े हुए हैं। राणा ने कहा कि पूरी ताकत गुजरात में झोंक देने के बावजूद भाजपा की घबराहट कम होने का नाम नहीं ले रही।


भाजपा नेतृत्व की घबराहट दिनों-दिन बढ़ती जा रही
उन्होंने कहा कि महंगाई, नोटबंदी और जी.एस.टी. की मार झेल रही जनता को अब भाजपा नेताओं की जुमलेबाजी रास नहीं आ रही। केंद्र के 50 से अधिक मंत्री अपने मंत्रालयों का कामकाज छोड़कर गुजरात में वादों का पिटारा लिए घूम रहे हैं लेकिन गुजरात की जनता इस बार भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है जिस वजह से भाजपा नेतृत्व की घबराहट दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा हिमाचल की जनता भी इस बार चुनावों में भाजपा नेताओं के झांसे में नहीं आई है और गुजरात की जनता भी भाजपा को सबक सिखाने जा रही है। उन्होंने कहा लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा नेताओं ने जनता को जो सब्जबाग व सपने दिखाए थे, उन्हें पूरा न किए जाने से अब भाजपा नेताओं के ढोल की पोल खुल चुकी है और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।