Watch Pics: बर्फ से शीशे की तरह जम गई झील, अब यहां बोटिंग नहीं पैदल चल रहे लोग

Saturday, Jan 14, 2017 - 03:59 PM (IST)

चंबा: हिमाचल में बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे जा गिरने से झीलें जम गई हैं। आप इन तस्‍वीरों में साफ देख सकते हैं कि किस तरह यह झीलें जमी हुई हैं। पर्यटन नगरी डलहौजी में बर्फबारी के बाद जिले की सभी झीलों सहित जलाशयों में पानी आंशिक रूप से जम गया है। जिले की समस्त झीलों सहित मणिमहेश झील,लम्ब डल, कमल कुण्ड व पर्यटक स्थल पंजपुला की झील भी पूरी तरह जम गई है। 


डलहौजी की पंजपुला झील जमी
बताया जा रहा है कि डलहौजी की पंजपुला झील इतनी ज्यादा जम गई है कि उसके ऊपर लोग चल फिर रहे हैं और वहां पर बोटिंग के लिए रखी गई बोट भी झील में इतनी बुरी तरह से जम गई है कि उनको चलाना तो दूर अपनी जगह से हिलना भी मुश्किल है। हालात यह है कि यहां के प्राकृतिक जल स्त्रोत भी पूरी तरह से जम गए हैं। चंबा जिला के डलहौजी के पर्यटन स्थल पंचपुला में वीरवार की रात इस मौसम में सबसे ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान करीब माइनस -9.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 


झील में वॉटरफॉल भी जमा
थोड़ी देर धूप निकलते ही यहां पहुंचे पर्यटको ने बताया कि उन्हें यहां बहुत ठंड लग रही है फिर भी उन्हें बहुत मजा आ रहा है। पर्यटको ने कहा कि उन्होंने पहली बार इस तरह से जमी हुई झील देखी है जिसे देखकर उनके सारे पैसे वसूल हो गए हैं। पंजपुला के स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि 2 साल बाद यहां फिर से ठंड से झील जम गई है और यहां का वॉटरफॉल भी जम गया है। उन्होंने बताया कि झील इतनी जयादा जम चुकी है कि इसके ऊपर पत्थर फैंकने से भी नहीं टूटती।