जब जम्मू पुलिस कर्मियों को समझ लिया आतंकवादी

Saturday, Jul 23, 2016 - 09:46 PM (IST)

गोहर: जम्मू से भाग कर आए एक प्रेमी और उसकी प्रेमिका की तलाश में शुक्रवार को जे एंड के पुलिस ने थुनाग में दबिश दी। सादी वर्दी में जे एंड के नंबर की गाड़ी में थुनाग पहुंची जम्मू पुलिस की टीम को देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस की परमिशन लिए बगैर एक मकान में घुसी जे एंड के पुलिस को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने जम्मू से आई टीम को आतंकवादी समझा तथा तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

 

पुलिस तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और जम्मू से आई टीम से पूछताछ की जिसके बाद जम्मू से आई टीम की पहचान जे एंड के पुलिस के रूप में हुई जो जम्मू से फरार प्रेमी जोड़े का पता लगने के बाद थुनाग पहुंची थी। इसके उपरांत स्थानीय पुलिस ने जे एंड के पुलिस को कार्रवाई की परमिशन दी और जम्मू पुलिस ने एक मकान में रह रहे फरार प्रेमी जोड़े को दबोच लिया। जम्मू से आई टीम में जे एंड के पुलिस के 2 अधिकारी, 3 परिजन और एक चालक था। थाना प्रभारी गोहर चांद किशोर ने घटना की पुष्टि की है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थुनाग में ठेकेदार के साथ जम्मू से काम करने आया एक मजदूर जम्मू से एक विवाहिता महिला को भगा लाया था जिसे उसने थुनाग स्थित अपने किराए के मकान में छिपा रखा था। बताया जा रहा है कि फरार पे्रमी जोड़े में शामिल प्रेमिका अपनी 6 साल की बेटी को छोड़ प्रेमी संग हिमाचल में छिपी हुई थी।